Powercom Meter Readers' Strike

पावरकॉम मीटर रीडर्स की हड़ताल से बिजली बिलों में देरी, फ्री यूनिट को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता

pp

Powercom Meter Readers' Strike

 पंजाब में पावरकॉम के मीटर रीडर्स की हड़ताल के चलते हजारों उपभोक्ताओं को बिजली के बिल समय पर नहीं मिल रहे हैं। हालांकि शुरुआत में पावरकॉम ने औसत (एवरेज) बिल जारी करने का दावा किया था, लेकिन कई उपभोक्ताओं ने अधिक बिल आने और बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायत की है।

मीटर रीडर्स की हड़ताल के कारण अधिकांश उपभोक्ताओं के वास्तविक रीडिंग के आधार पर बिल जारी नहीं हो पाए हैं। कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां कम बिजली खपत होने के बावजूद उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिल मिला है। वहीं, लोगों को इस बात की भी चिंता है कि यदि दो महीने बाद बिल जारी हुए तो उन्हें एक साथ भुगतान करना पड़ेगा और 300 मुफ्त यूनिट योजना का लाभ कैसे मिलेगा।

पंजाब सरकार सभी श्रेणी के घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 मुफ्त बिजली यूनिट उपलब्ध कराती है। ऐसे में बिलों में देरी से उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर भी असर पड़ रहा है।

पावरकॉम सब-डिवीजन कोटईसे खां के एसडीओ करनैल सिंह ने बताया कि दो महीने में 600 यूनिट तक बिजली मुफ्त रहती है। यदि बिल जारी होने में अधिक समय लगता है तो प्रतिदिन 10 मुफ्त यूनिट के हिसाब से गणना की जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि बिलिंग अवधि 70 दिन की होती है, तो 700 मुफ्त यूनिट के साथ अतिरिक्त गणना के अनुसार निर्धारित सीमा तक राहत मिलेगी। यदि इस अवधि में खपत निर्धारित मुफ्त सीमा (लगभग 715 यूनिट) से अधिक होती है, तो अतिरिक्त यूनिट का भुगतान करना होगा।