पठानकोट में तीन दिन से बिजली गुल, गुस्साए ग्रामीणों ने पावर हाउस का किया घेराव
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
Power Outage for Three Days Sparks
पंजाब के सीमावर्ती जिला पठानकोट के ब्लॉक नरोट जैमल सिंह के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बीती रात बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नरोट जैमल सिंह पावर हाउस का घेराव कर बिजली विभाग और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, गांव पम्मा, भोला, खड़खड़ा और आसपास के कई गांवों में लगातार तीन दिन से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया है, क्योंकि पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं। वहीं इनवर्टर की बैटरियां भी जवाब दे चुकी हैं, जिससे लोगों को रात अंधेरे में बितानी पड़ रही है।
लगातार बिजली कटौती के कारण भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है, लेकिन अब तक बिजली विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल बिजली विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।