झारखंड कांग्रेस में फिर सियासी घमासान, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की चिट्ठी से संगठन पर उठे सवाल
Political Turmoil Resurfaces in Jharkhand Congress
रांची। Political Turmoil Resurfaces in Jharkhand Congress, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री का दायित्व संभाल रहे राधाकृष्ण किशोर ने चिट्ठियों के माध्यम से संगठन पर हमला जारी रखा है। बुधवार को उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र लिखकर पूछा है कि इतनी बड़ी कमेटी आखिर बैठेगी कहां?
चिट्ठी में उन्होंने उलाहना भी दी है और पूछा है कि आप खुद तो आठ बाई बाठ के कमरे में बैठते हैं, लेकिन इतनी बड़ी कमेटी के लिए क्या इंतजाम है? हालांकि कमेटी बनाने के लिए अध्यक्ष को धन्यवाद भी दिया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल 314 सदस्य
किशोर ने लिखा है कि प्रदेश अध्यक्ष की अनुशंसा पर 81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल 314 सदस्य हैं। दूसरी ओर, 230 विधानसभा सीटों वाले मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अधिकारियों और सदस्यों की कुल संख्या 115 है, 403 विधानसभा सीटों वाला उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल संख्या 130 है।
70 विधानसभा सीटों वाला दिल्ली में कांग्रेस कमेटी की कुल संख्या मात्र 69 है, उत्तराखंड जहां विधानसभा की सीटें 70 हैं वहां से प्रदेश कमेटी के लिए 70 सदस्यीय टीम का प्रस्ताव है। 242 विधानसभा सीटों वाले बिहार में कुल 200 सदस्यों की कमेटी गठन का प्रस्ताव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा गया है। इसी तरह 147 विधानसभा सीटों वाला ओडिशा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल संख्या 31 है, जबकि 81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड राज्य में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल संख्या 314 है।
पार्टी के लिए नया कार्यालय भवन लेने का प्रयास
आंकड़ों की पुष्टि उन्होंने नहीं की है। इसके बाद किशोर ने अध्यक्ष को लिखा है कि आपने सोचा है कभी कि कांग्रेस भवन में 314 पदाधिकारी कहां बैठेंगे? स्पष्ट बात यह है कि कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को बैठने के लिए कार्यालय कक्ष और आधारभूत संरचना का होना आवश्यक है।
अध्यक्ष को उन्होंने सलाह दी है कि मुख्यमंत्री से मिलकर पार्टी के लिए नया कार्यालय भवन लेने का प्रयास करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने लिखा है कि आपको कार्यकर्ताओं को बताना चाहिए की किस कांग्रेसी नेता के परिजनों को पार्टी संगठन में स्थान दिया गया है। क्या कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं को खुश करने के लिए आपने बोईंग 737 जैसा लंबी और बड़ी कमेटी बनाई है।