डिजिटल इंडिया के 11 साल पूरे, PM मोदी बोले- टेक्नोलॉजी ने बदली करोड़ों भारतीयों की जिंदगी
PM Modi Marks 11 Years of Digital India,
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिजिटल इंडिया अभियान के 11 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस पहल ने करोड़ों भारतीयों के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2015 को शुरू हुआ यह अभियान आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बन चुका है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा, "जब एक अरब से अधिक लोग टेक्नोलॉजी को अपनाते हैं, तो उसका प्रभाव परिवर्तनकारी होता है।" इस अवसर पर उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें मोबाइल बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के बढ़ते उपयोग को दर्शाया गया है।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया के 11 वर्षों की सफलता ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान नवाचार और तकनीक को अपनाने के प्रति देशवासियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके अनुसार, डिजिटल इंडिया ने गरीबों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों के जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के विस्तार से लेकर डिजिटल लेनदेन तक, भारत ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनकी दुनिया भर में सराहना हो रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत आज रियल-टाइम डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया का अग्रणी देश है। UPI के माध्यम से दुनिया के कुल रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शनों का लगभग 49 प्रतिशत हिस्सा भारत में होता है। वहीं, देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान वर्तमान में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 12 से 14 प्रतिशत है, जिसके अगले दशक में बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है।
डिजिटल इंडिया अभियान ने स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल नवाचार और नई तकनीकों को अपनाने की गति तेज की है। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत की क्षमता को भी मजबूत किया है।
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अनुसार, 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की दिशा में डिजिटल इंडिया अभियान देशभर में समावेशी विकास, तकनीकी आत्मनिर्भरता और नागरिक सशक्तिकरण को निरंतर बढ़ावा देता रहेगा।