पीएम मोदी ने तेलंगाना में करीब ₹9,400 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

पीएम मोदी ने तेलंगाना में करीब ₹9,400 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

PM Modi in Hyderabad

PM Modi in Hyderabad

PM Modi in Hyderabad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई, 2026) को तेलंगाना में 9,377 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया है. इस परियोजनाओं में करीब 2,360 करोड़ की लागत वाली जहीराबाद में 3,245 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र, 1700 करोड़ रुपये के लागत से वारंगल में भारत का पहला पूरी तरह से चालू PM MITRA मेगा टेक्सटाइल पार्क, 3175 करोड़ रुपये से हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर NH-167 गलियारे को फोर-लेनिंग प्रोजेक्ट, 1535 करोड़ की लागत से 118 किमी का काजीपेट-विजयवाड़ा रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट, 600 करोड़ की लागत वाला इंडियन ऑयल का मलकापुर ग्रीनफील्ड टर्मिनल प्रोजेक्ट और 1,500 करोड़ की लागत से हैदराबाद में कैंसर के इलाज के लिए 1,500 बिस्तरों वाला सिंधु अस्पताल के निर्माण प्रोजेक्ट भी शामिल है.

बीजेपी की दक्षिण भारत साधने की कोशिश शुरू

पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जनादेश हासिल करने और अभी-अभी संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में असम में अपनी सत्ता बरकरार रखने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिना कोई समय गंवाए अपना चुनावी फोकस दक्षिण की तरफ मोड़ दिया है. पार्टी नेताओं ने तेलंगाना को BJP का अगला बड़ा राजनीतिक लक्ष्य करार दिया है.

आगामी विधानसभा को लेकर क्या बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज रविवार (10 मई, 2026) को हैदराबाद की हाई-प्रोफाइल यात्रा 2024 में उनके दोबारा चुने जाने के बाद यहां उनकी पहली जनसभा को एक स्पष्ट संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि भगवा पार्टी ने आगामी राज्य चुनावों के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है.

BJP के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने कहा, ‘तेलंगाना की जनता ने BRS को दो कार्यकाल दिए और फिर कांग्रेस को और दोनों ही जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए.’ उन्होंने पार्टी के भीतर बढ़ रही इस भावना को ही दोहराया कि सत्ताधारी कांग्रेस और BRS के प्रति जनता की बढ़ती नाराजगी ने BJP के लिए एक निर्णायक राजनीतिक अवसर खोल दिया है.

तेलंगाना में भी डबल इंजन की सरकार बनाने का अभियान शुरू?

हाल ही में एक ऐसे राज्य में शानदार जीत हासिल करने के बाद, जिसे कभी BJP की पहुंच से बाहर माना जाता था, बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने अब अगले विधानसभा चुनावों में तेलंगाना में 'डबल-इंजन सरकार' बनाने का लक्ष्य तय कर लिया है और आज पीएम मोदी की जनसभा को इसी अभियान की औपचारिक घोषणा के तौर पर देखा जा रहा है.

विकास परियोजनाओं को चुनावी चश्मे से देखना सही नहीं- लता

भाजपा नेता माधवी लता ने इन परियोजनाओं को चुनावी स्टंट के रूप में वर्णित करने से साफ इनकार कर दिया. एबीपी न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये तेलंगाना के लोगों के कल्याण के लिए विकास की पहल है. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी की तेलंगाना के प्रति जिम्मेदारी है और वह राज्य का विकास कर रहे हैं. चुनावी लेंस के माध्यम से हर विकास परियोजना को देखना सही नहीं है.’

इन परियोजनाओं से राज्य में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर- लता

लता ने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से घोषित योजनाएं स्थानीय लोगों को सुविधा और रोजगार प्रदान करेंगी. देश के अन्य राज्यों की तरह ही प्रधानमंत्री तेलंगाना का भी विकास कर रहे हैं. इसे चुनावी स्टंट कहना सही नहीं होगा.’ उन्होंने जोर देकर कहा कि तेलंगाना के लोग सीधे औद्योगिक क्षेत्र, कपड़ा पार्क, राजमार्ग विस्तार, रेलवे परियोजना, तेल टर्मिनल और कैंसर अस्पताल से लाभांवित होंगे. उनके अनुसार, ये परियोजनाएं हजारों नौकरियां पैदा करेंगी और बुनियादी ढांचे में सुधार करेंगी जो कि तेलंगाना के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है.