PM मोदी की देश के लोगों को सलाह; कहा- भीषण गर्मी से होने वाली दिक्कत को हल्के में न लें, सतर्क रहें, बुजुर्गों-प्रियजनों का पूछें हाल
PM Modi Advice To People Over Excessive Heat Alert
PM Modi on Excessive Heat: भारत के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। खासकर उत्तर पश्चिम राज्यों में गर्मी और विकराल दौर में है। वहीं इस झुलसाती गर्मी से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी परेशान नजर आए है। पीएम मोदी ने तपती गर्मी को लेकर देश के लोगों को बहुत सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि गर्मी से होने वाली दिक्कत को हल्के में नहीं लेना चाहिए। लोग खुद का ज्यादा से ज्यादा ख्याल रखें। इसके अलावा पीएम ने अपने साथ-साथ अपने आसपास के पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखने और उन्हें पानी पिलाने को कहा है। साथ ही उन्होंने बुजुर्गों का खास ख्याल रखने और समय मिलते ही बात करने की सलाह दी है।
पीएम मोदी ने बुधवार दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सिलसिलेवार ट्वीट किए और लिखा- ''देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें. कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूँगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।''
PM ने लक्षणों के प्रति किया सतर्क
PM मोदी ने गर्मी से समस्या पैदा करने वाले लक्षणों के प्रति सतर्क किया है। उन्होंने लिखा, ''अत्यधिक गर्मी से होने वाली परेशानी, जैसे चक्कर आना, मतली (उल्टी जैसा लगना) या ज्यादा थकान लगे तो उसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यदि आपके आसपास किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी जैसा लगे, कमजोरी महसूस करे या फिर अस्वस्थ दिखाई दे, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। उसे पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दें, जिससे शरीर को राहत मिल सके।''
वहीं पीएम ने बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों को लेकर इस गर्मी में खास चिंता जताई है। उन्होंने लिखा, ''बच्चे, बुज़ुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग इस भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। समय रहते ध्यान न देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। ऐसे समय में आपकी सतर्कता और देखभाल किसी का जीवन बचा सकती है।''
बुजुर्गों-प्रियजनों का पूछें हाल
प्रधानमंत्री ने इस गर्मी के बीच अपने बुजुर्गों और प्रियजनों का हाल-चाल लेते रहने को भी कहा है। उन्होंने लिखा, ''जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।'' इसके अलावा पीएम ने पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही है।
पीएम मोदी ने लिखा, ''इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी और जानवर के लिए जीवनदान बन सकता है। पीएम मोदी ने देश के लोगों से अपील की कि हम सभी लोग इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।''
भारत में गर्मी का सितम किस कदर?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू के प्रकोप में है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, समेत देश के अन्य राज्यों में भी लोग गर्मी से त्राहि-त्राहि बोल रहे हैं। यूपी के कई हिस्सों में तो पारा 45 डिग्री को पार कर गया है। यहाँ बांदा में तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं राजधानी दिल्ली भी गर्मी में उबल रही है। हालांकि, इस बीच एक राहत भरी खबर यह है कि 28 मई से उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के करवट लेने और बारिश होने की बात मौसम विभाग द्वारा कही गई है।