पवन कल्याण की सर्जरी के बाद दुआओं की बौछार, PM मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

पवन कल्याण की सर्जरी के बाद दुआओं की बौछार, PM मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

Pawan Kalyan Health Update

Pawan Kalyan Health Update

हैदराबाद: Pawan Kalyan Health Update: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु सिनेमा के पावर स्टार पवन कल्याण की शनिवार, 18 अप्रैल को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया. टेस्ट करने के बाद डॉक्टर ने उनकी सर्जरी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवन कल्याण से बातचीत की और उनका हालचाल जाना. पीएम ने उनके जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की है.

स्वास्थ्य संबंधी यह समस्या शुक्रवार सुबह तब सामने आई, जब अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान पवन अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए. डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने उस दिन के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और अस्पताल गए. उन्हें 18 अप्रैल को हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके मेडिकल टेस्ट और एमआरआई स्कैन किए गए.

यह खबर मिलते ही पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से बात की और जनसेना पार्टी प्रमुख की सर्जरी के बाद उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की. पीएम ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी.

19 अप्रैल को पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट किया और बताया कि उन्होंने पवन कल्याण से बात की. पीएम में अपने पोस्ट में लिखा है, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण गारू से बात की और उनका हालचाल पूछा. वे बहुत साहसी हैं, और मुझे यकीन है कि वे बहुत जल्द ठीक हो जाएंगे. उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.'

पीएम के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए पवन कल्याण ने उनका आभार जताया है और लिखा है, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आपके प्यारे शब्दों के लिए, सर्जरी के बाद मुझसे बात करने और मेरे स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए, जो आपने समय निकाला, उसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं. आपकी चिंता, आपका प्रोत्साहन और शीघ्र स्वस्थ होने की आपकी शुभकामनाएं मुझे और शक्ति देगी. आपके निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए मैं सदैव आपका आभारी रहूंगा.'

पवन कल्याण के राजनीतिक सचिव, पी हरिप्रसाद के एक बयान के अनुसार, पार्टी प्रमुख की शनिवार शाम को सर्जरी हुई, क्योंकि पिछले कुछ महीनों से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं. डॉक्टरों ने सलाह दिया है कि पूरी तरह ठीक होने में लंबा समय लग सकता है, हालांकि, वे 10 दिन के आराम के बाद अपने आधिकारिक कर्तव्य फिर से शुरू कर सकते हैं.

पी हरिप्रसाद ने कहा, 'जनसेना पार्टी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की शनिवार शाम को सर्जरी हुई. शुक्रवार सुबह अपने अधिकारियों के साथ प्रशासनिक मामलों पर चर्चा करते समय, उन्हें काफी तकलीफ महसूस हुई. वे पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे. अपने निजी डॉक्टरों की सलाह पर, उन्होंने शुक्रवार के अपने आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और अस्पताल गए.'

बयान में उन्होंने आगे कहा, 'अस्पताल में, डॉक्टरों ने एमआरआई सहित कई मेडिकल जांचें कीं. रिपोर्ट्स की समीक्षा करने के बाद, मेडिकल टीम ने फैसला किया कि सर्जरी जरूरी है और उन्होंने वह प्रक्रिया पूरी की. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि वे एक से दस दिन के आराम के बाद अपने आधिकारिक कर्तव्य फिर से शुरू कर सकते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि लंबे समय तक सावधानियां बरतना जरूरी होगा. पूरी तरह ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है.'