ऑपरेशन सिंदूर भारत के सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय, शौर्य कार्यक्रम में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

ऑपरेशन सिंदूर भारत के सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय, शौर्य कार्यक्रम में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Operation Sindoor

Operation Sindoor

नई दिल्ली। Operation Sindoor: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारी सशस्त्र सेनाओं का साहस केवल युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि हमारी सेना आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में मानवता की सहायता करने में भी अ‌ग्रणी रहती है।

'शौर्य संध्या' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होने कहा- ''मुझे यह कहते हुए अपार गर्व महसूस होता है कि जब भी देश या दुनिया में कोई आपदा आती है चाहे वह भूकंप हो, बाढ़ हो, सुनामी हो या फिर कुछ और, हमारे सैनिक तुरंत सहायता के लिए पहुंचते हैं। युद्धक्षेत्र में साहस दिखाने से लेकर पीड़ितों की सेवा करने तक हमारी सशस्त्र सेनाओं ने हर जगह अपने साहस का प्रदर्शन किया है।''

राजनाथ सिंह ने भारतीय रक्षा बलों के उन जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी बेजोड़ वीरता और अदम्य साहस ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को भारत के सैन्य इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को समाप्त करने की दृढ़ संकल्पना को भी दोहराया। उन्होंने सैनिकों की वीरता, समर्पण और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि उनका 'राष्ट्र पहले' और 'सेवा पहले' का सिद्धांत भारत की सैन्य परंपराओं को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि रक्षा बलों का साहस प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवता की सहायता प्रदान करने में भी दिखाई देता है। हमारे सैनिक संकट के समय में जरूरतमंदों को भोजन और दवाएं पहुंचाते हैं। यही हमारे रक्षा बलों की पहचान है।

इस कार्यक्रम में सीडीएस जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भी मौजूद थे।