लखनऊ में बनेगा ‘ओडीओसी पार्क’, एक ही जगह मिलेगा यूपी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद

लखनऊ में बनेगा ‘ओडीओसी पार्क’, एक ही जगह मिलेगा यूपी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद

'ODOC Park' to be Built in Lucknow

'ODOC Park' to be Built in Lucknow

लखनऊ। 'ODOC Park' to be Built in Lucknow: प्रदेश के सभी जिलों का स्वाद अब राजधानी में मिलेगा। एलडीए गोमती नगर के विभूति खंड में ‘ओडीओसी पार्क’ विकसित करने जा रहा है। 8,000 वर्गमीटर भूमि वाले पार्क में 40 से अधिक फूड क्यिास्क बनेंगे। जहां लोगों को प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध एवं पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण करके इसका प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।

प्रदेश सरकार की ओडीओसी (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन) योजना को राजधानी में बढ़ावा देने की पहल हुई है। विभूति खंड में नव निर्मित गोमती नगर रेलवे स्टेशन के पास प्राइम लोकेशन पर 8,000 वर्गमीटर भूमि पर ओडीओसी पार्क बनाया जाएगा।

वहां दिल्ली हाट की तर्ज पर 40 से अधिक फूड क्यिास्क बनेंगे। जहां अलग-अलग जिलाें के लोकप्रिय व्यंजन उपलब्ध होंगे। साथ ही लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। परिसर साफ सुथरा रहेगा। इससे न सिर्फ शहर वासियों को बेहतर फूड डेस्टिनेशन मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उपाध्यक्ष ने बताया कि ओडीओसी पार्क विकसित करने के लिए अधिकारियों को नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन कुमार शिवहरे, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार व मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

अब बजट होटल को संचालित करेगा हयात ग्रुप

गोमती नगर के विक्रांत खंड में बने बजट होटल को जल्द ही फाइव स्टार रेटिंग के साथ ‘हयात सेंट्रिक’ के रूप में संचालित होगा। इसके लिए बिल्डिंग में मरम्मत व री-डिजाइनिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष ने होटल परिसर का निरीक्षण करके कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने अवगत कराया कि छह माह में मरम्मत का कार्य पूरा होगा। जिसके बाद होटल संचालित करने की दिशा में कार्य शुरू हो जाएगा। 10,968 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित आठ मंजिला होटल में 186 लग्जरी कमरों के साथ फूड कोर्ट, मीटिंग हाल, डाइनिंग एरिया व टेरेस गार्डेन आदि की सुविधा मिलेगी। होटल संचालित होने से प्राधिकरण को लगभग 378 करोड़ रुपये की आय होगी, जो परियोजना में आयी लागत से कई गुणा अधिक है।

कैलाशकुंज कांप्लेक्स का होगा पुनर्विकास

अयोध्या राजमार्ग पर स्थित कैलाशकुंज कांप्लेक्स को एलडीए पुनर्विकसित करेगा। इसके लिए प्राधिकरण ने बीते दिनों कांप्लेक्स परिसर में मुनादी करवाई थी। उपाध्यक्ष ने मंगलवार को कांप्लेक्स का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि 74 आवंटियों से सकारात्मक वार्ता हुई है, जबकि 24 आवंटियों ने री-डेवलपमेंट के लिए सहमति भी जताई है। इस पर उपाध्यक्ष ने शेष आवंटियों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है।