"बोकारो: पुलिस-मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता घायल"
Notorious Criminal Prince Gupta
बोकारो। शहर के बालीडीह ओपी क्षेत्र में बीती रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ प्रिंस भाटिया घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह क्षेत्र में अपराधियों का जमावड़ा है। इसी आधार पर पुलिस टीम रेड करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान ही प्रिंस गुप्ता ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया।
अपराधी को इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल
घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन और हेडक्वार्टर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस गुप्ता का संबंध प्रिंस खान और प्रकाश शुक्ला उर्फ अमन गिरोह से बताया जा रहा है। वह गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है और हाल के दिनों में बीएमडब्ल्यू फैक्ट्री के मैनेजर सहित कई व्यापारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने की घटनाओं में शामिल था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।