उत्तर कोरिया ने किया तोप और परमाणु रॉकेट का सफल परीक्षण, आसमान में तेज गर्जना से दहला South Korea

उत्तर कोरिया ने किया तोप और परमाणु रॉकेट का सफल परीक्षण, आसमान में तेज गर्जना से दहला South Korea

Nuclear Capable Multiple Rocket

Nuclear Capable Multiple Rocket

सियोल: Nuclear Capable Multiple Rocket: पश्चिम एशिया में भीषण युद्ध के बीच उत्तर कोरिया ने अत्याधुनिक परमाणु-सक्षम मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम (MRLS) का परीक्षण किया. यह परीक्षण दक्षिण कोरिया द्वारा लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण की पहचान किए जाने के एक दिन बाद किया गया.

उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने बताया कि किम जोंग उन ने शनिवार को इस परीक्षण की निगरानी की. इसमें बारह 600एमएम- कैलिबर वाले बेहद सटीक मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर और दो तोपखाना कंपनियां शामिल थी.

सरकारी मीडिया ने रविवार (15 मार्च) को इसकी जानकारी दी. यह परीक्षण दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सेनाओं द्वारा अपने वसंतकालीन सैन्य अभ्यास शुरू करने के कुछ ही दिनों बाद किया गया. कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने बताया कि किम जोंग उन ने शनिवार (14 मार्च) को इस टेस्ट की देखरेख की.

रिपोर्ट के अनुसार किम ने कहा कि यह परीक्षण प्योंगयांग के उन दुश्मनों को जो 420 किलोमीटर की मारक सीमा के भीतर है बेचैनी का एहसास कराएगा और साथ ही सामरिक परमाणु हथियारों की विनाशकारी शक्ति की गहरी समझ भी देगा.

एक दूसरी तस्वीर में किम जोंग और उनकी बेटी जू ए को एक सैन्य अधिकारी के साथ दूर से लॉन्च देखते हुए दिखाया गया है. जू ए को लंबे समय से देश पर शासन करने की कतार में अगला माना जाता रहा है. हाल ही में कई हाई-प्रोफाइल सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी ने इस धारणा को और भी मजबूत किया है. दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ (JCS) ने बताया कि शनिवार (15 मार्च) को उन्होंने उत्तर कोरिया की ओर से पूर्वी सागर जिसे जापान सागर भी कहा जाता है में कई प्रक्षेपणों का पता लगाया है.

सियोल के राष्ट्रपति भवन (ब्लू हाउस) ने इन प्रक्षेपणों की निंदा करते हुए इन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करने वाला उकसावा बताया और प्योंगयांग से आग्रह किया कि वह तत्काल ऐसे कृत्यों को रोक दे. ये प्रक्षेपण दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री किम मिन-सियोक के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना ​​है कि प्योंगयांग के किम जोंग के साथ बैठक करना 'अच्छा' रहेगा.

ट्रंप प्रशासन ने हाल के महीनों में उत्तर कोरिया के साथ उच्च-स्तरीय बातचीत को फिर से शुरू करने की कोशिश की है, जिसकी नजर इस साल किम के साथ एक संभावित शिखर सम्मेलन पर है. इन प्रस्तावों को काफी हद तक नजरअंदाज करने के बाद किम जोंग ने हाल ही में कहा कि अगर अमेरिका उत्तर कोरिया की परमाणु स्थिति को स्वीकार कर लेता है तो दोनों देश मिल-जुलकर रह सकते हैं.

अमेरिका और दक्षिण कोरिया का संयुक्त अभ्यास

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के वसंत ऋतु के सैन्य अभ्यास जिसे 'फ्रीडम शील्ड' नाम दिया गया है में लगभग 18000 कोरियाई सैनिक शामिल होंगे और यह 19 मार्च तक चलेगा. उत्तर कोरिया ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले की निंदा करते हुए इसे 'आक्रामकता का एक अवैध कृत्य' बताया है और दावा किया है कि यह अमेरिका के 'दुष्ट' स्वभाव को दर्शाता है. उत्तर कोरिया ने हाल ही में नौसेना के चो ह्योन विध्वंसक से मिसाइल परीक्षण भी किए और दावा किया कि देश नौसेना को परमाणु हथियारों से लैस करने की प्रक्रिया में है.