एमसीडी अफसरों के उत्पीड़न के कारण एएसआई द्वारा आत्महत्या के मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं
No FIR registered in ASI's suicide case due to harassment
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली। आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को नॉर्थ जोन कार्यालय की बिल्डिंग से कूद कर आत्महत्या करने वाले एएसआई राजकुमार के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि एएसआई का उत्पीड़न करने वाले अफसरों को बचाने के लिए अभी तक एफआईआर तक नहीं दर्ज की गई है। घटना के एक सप्ताह होने वाले हैं, लेकिन अभी तक भाजपा मेयर और एमसीडी अफसर मामले को लेकर चुप्पी साधे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी ने अभी तक पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने का भी कोई भरोसा नहीं दिया है। नॉर्थ जोन में पहले भी भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए।
एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि "आप" का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को शाहदरा नॉर्थ जोन कार्यालय में अफसरों के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले राजकुमार सोलंकी के परिवार से मिलने उनके समोली गांव पहुंचा। इस दौरान नॉर्थ जोन के सभी "आप" पार्षद भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि राजकुमार सोलंकी के निधन के बाद से पीड़ित परिवार बहुत परेशान है और खुद को असहाय महसूस कर रहा है। अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। राजकुमार सोलंकी का उत्पीड़न करने वाले अपराधियों को बचाने की लगातार कोशिश की जा रही है। यह घटना उसी दिन की है जिस दिन भाजपा के महापौर चुनकर आए थे। अभी तक न तो महापौर की तरफ से और न ही निगम चलाने वाले किसी प्राधिकारी की तरफ से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया दी गई है।
आम आदमी पार्टी लगातार मांग कर रही है कि पीड़ित परिवार के किसी एक सदस्य को उसी पद पर नौकरी दी जाए। साथ ही, परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए और इस पूरी घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
इसमें कई लोगों को बचाया जा रहा है। इस मामले में कई सारे तथ्य छिपाए जा रहे हैं। यह वही जोन है जहां लगातार कई दिनों से भ्रष्टाचार के मुद्दे सामने आ रहे हैं। भ्रष्टाचार के मामले में ही यहां के उपायुक्त भी निलंबित हुए थे। इस मुद्दे पर हमारी अरविंद केजरीवाल से भी बात हुई है और वे भी इस मामले की हर एक जानकारी प्रभावी रूप से ले रहे हैं। हम पूरी तरह से परिवार के साथ हैं, उन्हें उनका हक मिलना ही चाहिए और इसके लिए जो भी करना पड़ेगा, हम वह करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस दौरान पार्षद मोहिनी जीनवाल, शिवानी पांचाल, जसवंत, रोशन लाल, रमेश समेत क्षेत्र के सभी आम आदमी पार्टी के पार्षद मौजूद रहे।