NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव; अब CBT मोड में हुआ करेगा एग्जाम, 15 मिनट समय बढ़ाया, पेपर लीक करने वालों को कड़ी चेतावनी
NEET Exam Conducted in CBT Mode From Next Year Dharmendra Pradhan Says
NEET-UG 2026 Re-Exam: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को NEET-UG 2026 परीक्षा की नई डेट की घोषणा कर दी है। 21 जून 2026 को NEET-UG की दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। इससे पहले आयोजित परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद यह फैसला लिया गया है। उस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। वहीं NTA की इस घोषणा के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक अहम प्रेस वार्ता करते हुए यह जानकारी दी है कि 14 जून तक सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
NEET की दोबारा परीक्षा के लिए कोई फीस नहीं लगेगी
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने पर NTA ने अपनी अधिसूचना में कहा था कि अभ्यर्थियों की फीस रिटर्न की जाएगी। वहीं सरकार ने यह फैसला लिया है कि NEET की दोबारा होने जा रही परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई फीस नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों पर कोई आर्थिक बोझ ना आए, उसका दायित्व केंद्र सरकार ले रही है। पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के चलते अभ्यर्थियों के आक्रोश को भी सरकार स्वीकार करती है और उनके दुख को समझती है।
NEET परीक्षा का 15 मिनट समय बढ़ाया
वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि छात्रों की मांगों पर NEET परीक्षा का समय भी बढ़ाया जा रहा है। परीक्षा फॉर्मेलिटीज पूरी करने में जाने वाले समय के चलते परीक्षा समय में 15 मिनट की बढ़ोतरी रहेगी। परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5:15 बजे तक होगी। पहले यह समय 2 बजे से 5 बजे तक था। इसके अलावा परीक्षा के समय अभ्यर्थियों के आवागमन को लेकर राज्यों से परिवहन व्यवस्था के संबंध में बातचीत की जाएगी। ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा सेंटर पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। अभ्यर्थियों को अपने पसंद के शहर में परीक्षा सेंटर चुनने का विकल्प भी मिलेगा।
अब CBT मोड में हुआ करेगा NEET एग्जाम
पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जानकारी दी है कि अगले साल से NEET की परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड से आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि अभी ओएमआर शीट पर NEET परीक्षा होने के चलते माफियाओं को पेपर लीक करने का मौका मिल जाता है लेकिन आगे से पेपर पेन के बजाय CBT मोड में NEET परीक्षा कराई जाएगी।
छात्रों के प्रति सरकार संवेदनशील
NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर लीक होने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य, उनके परिश्रम के प्रति संवेदनशीलता सरकार की प्राथमिकता है। इसीलिए 3 मई को परीक्षा हुई थी और 7 मई को NTA के पास कहीं से आपत्ति आई कि गेस पेपर में ऐसे कुछ प्रश्न आए हैं, जो इस बार के पेपर में थे। NTA और सरकार ने तुरंत उसकी जांच की। जिन राज्यों से तार जुड़े, वहाँ की एजेसियों से संपर्क किया गया। इसके बाद जब सरकार को यह स्पष्टता हुई कि इस बार पेपर लीक हुआ है तो 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
परीक्षा माफियाओं के खिलाफ लड़ाई लंबी
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं के षड्यंत्र के कारण किसी भी सही छात्र के अधिकार वंचित हो जाएं और मनी बैग के चलते उनकी शीट चली जाये। यह परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्त्वों के खिलाफ लंबी लड़ाई है और तकनीक के समय में एक चुनौती बन रही है। विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया हैंडल से भ्रमात्मक तथ्यों को रखा जाता है, गुमराह करने की कोशिश की जाती है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा रद्द करने का निर्णय मेधावी छात्रों के पक्ष में लिया गया है।
किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राधा-कृष्ण कमेटी के लागू करने के बावजूद पेपर लीक की घटना हुई। इस पर बारीकी से जांच की जा रही है। सरकार ने CBI को (जांच के लिए) काम सौंपा है। CBI ने भी त्वरित कार्रवाई शुरु की है और इस बार CBI तह तक जाएगी। सभी विभागों ने इसे गंभीरता से लिया है और हम इस बार की परीक्षा में गड़बड़ी नहीं होने देंगे। वहीं धर्मेंद्र प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा माफिया बाज आ जायें। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा उन्होंने समाज से भी अपील की है कि ऐसे लोगों का पर्दाफाश करने में सरकार की मदद की जाये।
Live | Addressing the Press Conference https://t.co/m1sFjoxiTH