NEET-UG 2026 परीक्षा की नई डेट अनाउंस; पेपर लीक के चलते रद्द हुआ था एग्जाम, CBI ने अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी की
NTA Announced NEET UG 2026 Exam New Date Scheduled After Paper Leak
NEET UG 2026 Exam New Date: NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख सामने आ गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि 21 जून 2026 को NEET-UG की दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। एनटीए ने NEET अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर अभ्यर्थी परीक्षा (NEET UG 2026 Re-Exam Date) संबंधी कोई भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को केवल NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।
दरअसल शुक्रवार सुबह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट कर NEET-UG की दोबारा परीक्षा कराये जाने की जानकारी दी। NTA ने पोस्ट में लिखा, "भारत सरकार की स्वीकृति से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026, रविवार को NEET (UG) परीक्षा का पुनर्नियोजन निर्धारित किया है. उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।"
वहीं एनटीए ने परीक्षा के संबंध में किसी भी जानकारी के लिए 2 हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 जारी किए। इसके अलावा किसी भी समस्या को लेकर अभ्यर्थियों के लिए ईमेल [email protected] भी जारी की गई। ईमेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।'' फिलहाल अब NEET छात्र फिर से परीक्षा की तैयारी करें। उन्हें फिर से परीक्षा में बैठना होगा। बता दें कि, NEET-UG परीक्षा मेडिकल के लिए प्रवेश परीक्षा (Medical Entrance Exam NEET- UG) होती है।

3 मई को को हुई थी NEET-UG की परीक्षा
ज्ञात रहे कि 3 मई 2026 को देश भर में NEET-UG की परीक्षा कराई गई थी। लेकिन बाद में पेपर लीक की जानकारी सामने आई। जिसके बाद भारत सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी और पेपर लीक की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई। 3 मई को हुई NEET परीक्षा में तकरीबन 22 लाख अभ्यर्थी शामिल रहे थे, ऐसे में अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। बता दें कि NEET पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने से देशभर में अभ्यर्थियों में आक्रोश देखा गया है और केंद्र सरकार और NTA से जवाब मांगा गया की बार-बार पेपर लीक कैसे हो जाता है? अभ्यर्थियों और तमाम टीचरों ने कहा कि ये छात्रों के करियर से खिलवाड़ है।
CBI ने अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी की
इधर NEET पेपर लीक की जांच करते हुए CBI का एक्शन तेज हो रखा है। इस मामले में CBI ने अब तक अलग-अलग जगहों से 7 लोगों की गिरफ्तारी की है। CBI ने पिछले 24 घंटों में, NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़े पेपर लीक को लेकर देश भर में 14 जगहों पर तलाशी ली है और दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से एक पुणे महाराष्ट्र से है और एक अहिल्यानगर महाराष्ट्र से है। दोनों की पहचान अहिल्यानगर के धनंजय लोखंडा और पुणे के मनीषा वाघमारे के तौर पर हुई है।
पहले गिरफ्तार 5 आरोपी CBI रिमांड में
वहीं इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड सीबीआई ने हासिल की है। इन 5 आरोपियों में 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 नासिक से है। जिनकी पहचान नासिक (महाराष्ट्र) से शुभम खैरनार, जयपुर (राजस्थान) से मांगीलाल बीवाल, जयपुर (राजस्थान) से विकास बीवाल, जयपुर (राजस्थान) से दिनेश बीवाल और गुरुग्राम (हरियाणा) से यश यादव के तौर पर हुई है। वहीं सीबीआई इस पूरे मामले में कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। CBI पेपर लीक मामले में पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है।