NCR Boosts Empowerment, Employs

NCR ने दिव्यांगों को बनाया आत्मनिर्भर, 400 लोगों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति

uter

NCR Boosts Empowerment, Employs

प्रयागराज: उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभिन्न अनुबंधों के माध्यम से करीब 400 दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इन्हें स्टेशन उद्घोषक, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) संचालक, डेटा एंट्री ऑपरेटर, 'एक स्टेशन, एक उत्पाद' (OSOP) स्टॉल संचालक समेत कई ग्राहक सेवा संबंधी पदों पर नियुक्त किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि महाप्रबंधक एन.पी. सिंह के निर्देश पर वर्ष की शुरुआत से ही प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में जहां भी संभव हो, दिव्यांगजनों को रोजगार देने की पहल शुरू की गई।

रोजगार के साथ कौशल प्रशिक्षण भी

उन्होंने बताया कि एनसीआर केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 100 दिव्यांगजनों को प्रशिक्षुता (Apprenticeship) योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

तीनों मंडलों में हुई नियुक्तियां

रेलवे के अनुसार, प्रयागराज मंडल में लगभग 200, झांसी मंडल में 100 और आगरा मंडल में 63 दिव्यांग व्यक्तियों को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कार्यशालाओं और उत्पादन इकाइयों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कई प्रमुख स्टेशनों पर मिली जिम्मेदारी

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 7 दिव्यांग एटीवीएम संचालक और 1 स्टेशन उद्घोषक की नियुक्ति की गई है, जबकि दो अन्य उद्घोषकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। झांसी स्टेशन पर 10 एटीवीएम संचालक और 2 ओएसओपी स्टॉल संचालक नियुक्त किए गए हैं। वहीं ग्वालियर स्टेशन पर 5 और आगरा कैंट स्टेशन पर 4 दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम संचालक के रूप में तैनात किया गया है।

784 दिव्यांग कर्मचारी स्थायी सेवा में

डॉ. शर्मा ने बताया कि अनुबंध के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के अलावा उत्तर मध्य रेलवे में 784 दिव्यांग कर्मचारी स्थायी रूप से कार्यरत हैं। इनमें से 15 कर्मचारियों की नियुक्ति वर्ष 2025-26 के दौरान की गई है।