Jabalpur Cruise Accident: ममता की झकझोर देने वाली तस्वीर; बच्चा बच जाए इसलिए 4 साल के बेटे को छाती से लगाए रही मां

ममता की झकझोर देने वाली तस्वीर; बच्चा बच जाए इसलिए 4 साल के बेटे को छाती से लगाए रही मां, जबलपुर क्रूज हादसे में दोनों के शव मिले

MP Jabalpur Cruise Accident A Mother Her 4-Year Son Clasped To Chest

MP Jabalpur Cruise Accident A Mother Her 4-Year Son Clasped To Chest

Jabalpur Cruise Accident: वाकई इस दुनिया में मां जैसा कोई नहीं। उसकी ममता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मध्य प्रदेश में बीते गुरुवार को जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे ने मां की ममता की वो मार्मिक तस्वीर दिखाई है। जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी वो दृश्य देखा वो भावुक हो उठा, आंखों में आंसू भर आए। दिल सहम गया। दरअसल मौत भी एक मां की ममता को डगमगा नहीं पाई। प्राण घुट रहे थे लेकिन बच्चा बच जाए इसके लिए उसने 4 साल के अपने बेटे को छाती से लगाए रखा। पानी के अंदर बच्चे की तड़प को देख उसे बचाने की खूब जद्दोजहद भी की होगी लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था।

लाइफ जैकेट में बेटे को छाती से चिपकाए मिली मां

हादसे के बाद जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आज शुक्रवार सुबह मां और बेटे के शव मिले हैं। उस मां ने अपने बेटे को अपनी लाइफ जैकेट में कसकर अपनी छाती से लगा रखा था। दोनों के शव इसी हालत में मिले। क्रूर मौत भी मां-बेटे को एक-दूसरे से अलग न कर सकी। मां की सांसें बेशक टूटती रही होंगी लेकिन आखिरी पल तक उसने अपने से पहले अपने बेटे को बचाने का प्रयास किया होगा। उस मां ने पानी के अंदर ज़िंदगी की जद्दोजहद के बीच भी एक पल के लिए अपने जिगर के टुकड़े और उस लाडले को नहीं छोड़ा। जब मां और बेटे का शव बाहर निकला तो वहां हर कोई मौत के बाद भी ममता के इस मंजर को देख फूट पड़ा। यहां तक की रेस्क्यू कर रहे कर्मी और अधिकारी भी भावुक हो गए।

ये रही तस्वीर

MP Jabalpur Cruise Accident A Mother Her 4-Year Son Clasped To Chest
उजड़ गए कई परिवार

जबलपुर क्रूज हादसे में कई परिवार उजड़ गए। किसी के बच्चे की मौत हो गई तो किसी के पति तो किसी की पत्नी की मौत हो गई। मां और बेटे का यह परिवार भी दिल्ली से जबलपुर घूमने आया था। इस मां की एक बेटी भी साथ थी उसकी जान बच गई और वह अपने अपने पिता के सुरक्षित है। ये दोनों किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। फिलहाल इस हादसे के बाद गम और आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। कल तक जो परिवार हंस-खेल रहे थे, उन परिवारों में आज मातम छाया हुआ है। बरगी डैम हादसा इन परिवारों को ज़िंदगीभर के लिए ज़ख्म दे गया।  

जबलपुर क्रूज हादसे में 9 शव मिले

जबलपुर क्रूज हादसे में कल से अब तक 9 शव मिल चुके हैं। इसके अलावा 29 लोगों को बचाया गया है। पानी से निकाले गए कई लोगों का इलाज भी चल रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर कहा, "मौसमी चक्रवात के कारण यह हादसा हुआ है, हादसे के बाद से ही सरकार के मंत्री धर्मेंद्र लोधी, राकेश सिंह, संजय दूबे, ADG, तमाम अधिकारी, NDRF, SDRF सब मौके पर हैं। इस हादसे में 29 लोग बचाए जा चुके हैं और 9 शव मिले है। बचाव अभियान चल रहा है। हम इस हादसे की जांच करेंगे। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।''

इधर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा, "पूरी उम्मीद है कि सब काम जल्द पूरा हो जाएगा। दुखद हादसा हुआ है, जिन लोगों की मृत्यु हुई है, हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हमारे मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दूबे और संगठन के अनेक लोग यहां हैं। पर्यटन मंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। सारी बातें जांच में स्पष्ट होगी और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।''

CCTV फूटेज में कुल 43 लोग थे

मध्य प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा, "यह बहुत दुखद और हृदयविदारक घटना है। मैंने विभाग को इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं। अगर लापरवाही के कारण यह घटना हुई है तो हम कठोर से कठोर कार्रवाई करेंगे। 9 लोगों की इस घटना में मृत्यु हुई है और मुझे लगता है कि आंकड़ा बढ़ सकता है। CCTV फूटेज में कुल 43 लोग थे, जिसमें से 2 लोग नाव के जरिए निकल गए थे और 6 लोगों को निकलते हुए देखा गया है. मैंने जांच के निर्देश दिए हैं, अगर कोई भी लापरवाही पाई गई तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी, यह अक्षम्य है।''

मौसम खराब होने के चलते पलटा क्रूज

दरअसल बरगी डैम में पर्यटन विभाग का यह क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया। अचानक मौसम खराब हुआ और तेज हवाएं चलने लगी। लोग इस वक्त को इंज्वॉय कर रहे थे। उन्हें नहीं पता था की कुछ ही देर में उनका क्रूज पानी की लहरों के बीच समा जाएगा। बताया जाता है कि क्रूज को रवाना करते वक्त सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया और लापरवाही की गई। 35 सीटर क्रूज पर 43 पर्यटक थे और मौसम ठीक नहीं था फिर भी क्रूज रवाना किया गया। मतलब सब भगवान भरोसे। अब सवाल यह है की जबलपुर के बरगी बांध में हुई मौतों का जिम्मेदार कौन है?

पानी में डूब रहा क्रूज

PM ने मृतकों के लिए 2 लाख मुआवजे का किया ऐलान

मध्य प्रदेश सरकार के अलावा केंद्र सरकार की तरफ से भी मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख मुआवजे का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर गहरा दुख जताया है। पीएम ने कहा कि PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि हर उस व्यक्ति के परिवार को दी जाएगी जिसने अपनी जान गंवाई है। इसके अलावा घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।