आगरा में चलते ट्रक में आग, प्लास्टिक का दाना जलकर राख
Moving truck catches fire in Agra
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा चौराहे पर शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे सड़क पर दौड़ता एक ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। ट्रक में आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्लास्टिक बनाने का दाना लेकर जा रहा था
कानपुर देहात के उड़नापुर, बड़ागांव भिखी निवासी ट्रक चालक कल्याण सिंह ने बताया कि वह दिबियापुर से प्लास्टिक बनाने का दाना लेकर जा रहा था। आगरा आते समय अचानक चलते-चलते ट्रक में आग लग गई। चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी।
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही शहादरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक में रखा प्लास्टिक का दाना पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।