Monsoon Wreaks Havoc in Himachal:

हिमाचल में मानसून का कहर, 24 घंटे की बारिश से 44 सड़कें बंद, 254 ट्रांसफॉर्मर ठप; 72 घंटे का ऑरेंज अलर्ट

pp

Monsoon Wreaks Havoc in Himachal:

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने दस्तक देते ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्यभर में 44 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 254 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज रात से पश्चिमी विक्षोभ और अधिक सक्रिय होगा। इसे देखते हुए मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए अगले 72 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

चंबा-तीसा हाईवे समेत कई प्रमुख मार्ग बंद

भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। शिमला जिले के रामपुर स्थित गानवी में तेज बारिश के चलते एक अस्थायी पुल बह गया, जिससे तीन पंचायतों का संपर्क टूट गया।

सबसे अधिक असर मंडी जिले में देखा गया, जहां 28 सड़कें, जबकि कुल्लू में 14 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में 102.5 मिमी और घमरोर में 95.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के लनोट और फगड़ोग गांवों में घरों में मलबा घुस गया है। वहीं चंबा-तीसा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं।

मनाली-काजा हाईवे पर सड़क टूटी

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में लगातार बारिश और बर्फ पिघलने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मनाली-काजा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिचोंग-खोलकसा के पास कलवर्ट बंद होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके अलावा जिस्पा क्षेत्र में भारी मलबा आने से मनाली-लेह और मनाली-जांस्कर मार्ग कुछ समय के लिए बंद हो गए थे। बाद में पानी का स्तर कम होने पर बीआरओ ने हाईवे को बहाल कर दिया।

अगले छह दिन जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब पूरे किन्नौर जिले तथा कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में भी मानसून सक्रिय हो गया है।

आज किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई है।