देशहित में विधायक विनय बिहारी की अनूठी पहल: निजी गाड़ी छोड़ वंदे भारत ट्रेन से पहुंचे पटना
MLA Vinay Bihari's Unique Initiative
बेतिया। MLA Vinay Bihari's Unique Initiative, देशहित और राष्ट्रीय जिम्मेदारी जब व्यक्तिगत सुविधा से ऊपर हो जाए, तब जनप्रतिनिधियों का हर कदम एक संदेश बन जाता है।
कुछ ऐसा ही उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री की अपील के बाद लौरिया विधायक विनय बिहारी ने अपनी सड़क मार्ग की यात्रा स्थगित कर वंदेभारत ट्रेन से पटना जाने के लिए निकले।
आर्थिक आत्मरक्षा में विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने के लिए तेल, सोना और विदेश यात्रा कम करने का आह्वान किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
इसी भावना को आत्मसात करते हुए विधायक ने सड़क मार्ग छोड़कर वंदेभारत ट्रेन से सफर किया। स्टेशन पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने विधायक को विदा किया।
शुक्रवार को विधायक अपने दो अंगरक्षकों के साथ विधानसभा समिति की बैठक में शामिल होने के लिए बेतिया से वंदेभारत ट्रेन के जरिए पटना पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल सुनने के लिए नहीं है, बल्कि उसे जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने अन्य दलों के नेताओं से भी इस दिशा में पहल करने की अपील की।
सभी जनप्रतिनिधियों को पहल करने की जरुरत
विधायक ने बताया कि विधानसभा स्थित विस्तारित भवन में 24 समितियों की बैठक होती है, जिसमें सभी 243 विधायक सदस्य हैं।
प्रत्येक नौवें या दसवें दिन होने वाली इन बैठकों में जनसमस्याओं को लिखित रूप से रखा जाता है और विभिन्न मंत्रालयों के माध्यम से उनका निष्पादन कराया जाता है। अगर सभी सदस्य सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तो निश्चित रुप में देश हित में ईंधन की काफी बचत होगी।
उन्होंने कहा कि लौरिया से पटना तक सड़क मार्ग से आने-जाने में एक गाड़ी पर करीब पांच हजार रुपये का ईंधन खर्च होता है, जबकि वंदेभारत ट्रेन से कम खर्च में यात्रा पूरी हो जाती है। इससे न केवल धन की बचत हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिल रहा है।
एक माह में बचाएंगे 18 हजार का ईंधन
विधायक ने बताया कि अपने दो अंगरक्षकों के साथ वंदेभारत ट्रेन से मात्र 2100 रुपये खर्च कर पटना पहुंच रहे हैं। इससे एक यात्रा में करीब तीन हजार रुपये की बचत हो रही है।
यदि महीने में तीन बार भी बैठक में शामिल होते हैं, तो आने-जाने में करीब 18 हजार रुपये के ईंधन की बचत संभव है। विधायक ने लोगों से अधिक से अधिक ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर देशभक्ति का परिचय देने की अपील की।