जहानाबाद से गया तक मंत्री ने ट्रेन और इलेक्ट्रिक कार से किया सफर, ऊर्जा संरक्षण का संदेश

जहानाबाद से गया तक मंत्री ने ट्रेन और इलेक्ट्रिक कार से किया सफर, ऊर्जा संरक्षण का संदेश

Minister Travels from Jehanabad to Gaya

Minister Travels from Jehanabad to Gaya

जहानाबाद। Minister Travels from Jehanabad to Gaya, प्रधानमंत्री की ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील अब जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली में भी दिखने लगी है।

बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं खनन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने गुरुवार को एक नई पहल करते हुए जहानाबाद से गया तक का सफर ट्रेन से किया।

वहीं गया में स्थानीय भ्रमण के लिए उन्होंने इलेक्ट्रिक कार का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश दिया।

दरअसल मंत्री अपने गृह जिला जहानाबाद आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें गया में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था।

आमतौर पर मंत्रियों के साथ कई सरकारी और निजी वाहनों का लंबा काफिला चलता है, लेकिन इस बार डॉ. चंद्रवंशी ने पारंपरिक व्यवस्था से अलग राह चुनी। वे जहानाबाद स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन के जरिए गया पहुंचे।

स्थानीय भ्रमण में भी दिखाई सादगी

गया पहुंचने के बाद मंत्री को कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घर जाना था। ऐसे में उन्होंने स्थानीय यात्रा के लिए इलेक्ट्रिक कार का इस्तेमाल किया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी वे इलेक्ट्रिक वाहन से ही जहानाबाद लौटे। मंत्री की इस पहल की दिनभर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा होती रही।

स्कॉर्ट व्यवस्था में भी किया बदलाव

डॉ. चंद्रवंशी ने बताया कि पहले पटना से जहानाबाद आने के दौरान पटना की एस्कॉर्ट गाड़ी, स्थानीय पुलिस वाहन, कर्मियों और कार्यकर्ताओं की कई गाड़ियां साथ चलती थीं, जिससे ईंधन की काफी खपत होती थी।

अब उन्होंने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि पटना की सीमा पार करते ही वहां की एस्कॉर्ट गाड़ी को वापस कर दिया जाता है। 

इसके बाद संबंधित जिले में केवल उसी जिले की एस्कॉर्ट गाड़ी का उपयोग किया जाता है। इससे अनावश्यक ईंधन खर्च में कमी आई है।

छोटी पहल से बड़ा बदलाव संभव

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच देश को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ा रही है। यदि जनप्रतिनिधि और आम लोग अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करें तो बड़े स्तर पर ईंधन की बचत संभव है।

उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।