हरियाणा में मेधावी छात्राओं को मिलेगा सम्मान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे साइकिल वितरण
Meritorious girl students will be honoured in Haryana
चंडीगढ़। हरियाणा में सामाजिक सौहार्द, नशे के विरुद्ध अभियान और प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रहे सामाजिक संगठन सर्व कल्याण मंच ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल सोमवार को जिला भिवानी के गांव पुर में इन मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनका हौसला बढ़ाएंगे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल छात्राओं को देंगे अपना आशीर्वाद
सर्व कल्याण मंच के अध्यक्ष नवीन कौशिक ने बताया कि 25 मई को बवानीखेड़ा ब्लाक के सभी गांवों की सरकारी स्कूलों में टाप तीन-तीन प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान समारोह होगा। संस्था की ओर से राज्य के अन्य ब्लाकों में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
गांव पुर में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल छात्राओं को अपना आशीर्वाद देंगे। नवीन कौशिक के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। इससे लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिल सकेगा।
प्रतिभाओं का सम्मान से भविष्य का निर्माण संभव
नवीन कौशिक ने बताया कि सर्व कल्याण मंच पूरे राज्य में गर्मियों में पक्षियों के लिए दाने-पानी का इंतजाम कर रहा है। युवाओं को खेलों की तरफ मोड़ने तथा नशे की आदत छोड़ने के लिए अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की सोच है कि प्रतिभाओं का सम्मान करने से भविष्य का निर्माण संभव है।
उनकी इसी सोच को आत्मसात करते हुए सर्व कल्याण मंच ने समाज की हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का बीड़ा उठाया हुआ है। भिवानी के गांव पुर में सोमवार को हरियाणा कला एवं साहित्य विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें हरियाणा की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा किया जाएगा।