Meerut Police Busts Multi-Crore

मेरठ में करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, स्पा और टूर-ट्रैवल के नाम पर लोगों को ठगने वाले 2 गिरफ्तार

pp

Meerut Police Busts Multi-Crore

मेरठ जिले में साइबर प्रकोष्ठ और नौचंदी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा और टूर-ट्रैवल कंपनी के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करीमनगर निवासी यूनुस और लोहियानगर निवासी लीजा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नौचंदी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.16 लाख रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 9 डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, 11 चेकबुक, पासपोर्ट, आधार और पैन कार्ड, विभिन्न कंपनियों के लेटरहेड, मुहरें तथा एक कार बरामद की है।

पूछताछ में यूनुस ने बताया कि वह पहले अवैध स्पा सेंटर संचालित करता था। पुलिस कार्रवाई के बाद उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए नई पहचान बनाई और किराये पर कार्यालय लेकर साइबर ठगी का नेटवर्क खड़ा किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी इंटरनेट पर फर्जी स्पा और होम मसाज सेवाओं के विज्ञापन देकर ग्राहकों को झांसे में लेते थे। बुकिंग के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से अग्रिम भुगतान लेकर लोगों से ठगी की जाती थी।

इसके अलावा आरोपी 'यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल' के नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर हज और अन्य धार्मिक यात्राओं के लिए टिकट व होटल बुकिंग का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1 से 2 लाख रुपये तक वसूलते थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में नोएडा निवासी महेश की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह पिछले लगभग दो वर्षों से सक्रिय था और इस दौरान मेरठ, हापुड़, आगरा, सोनभद्र, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों और जिलों के लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।