Mastermind and Shooter Behind

कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, कारोबारी पर हमला करने वाले मास्टरमाइंड और शूटर के पैर में लगी गोली

pp

Mastermind and Shooter Behind

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में खनन कारोबारी सुनील भाटिया उर्फ बंटी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस हिरासत में चल रहे मामले के मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू और मुख्य शूटर अमन ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई।

जानकारी के अनुसार, CIA-1 की टीम दोनों आरोपियों को पिपली बस स्टैंड के पीछे हथियारों की निशानदेही के लिए लेकर गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार वहीं छिपाने की बात कबूली थी। हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

CIA-1 के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस ने पहले आरोपियों को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन जब उन्होंने फायरिंग जारी रखी तो आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान रोबिन और अमन के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को काबू कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी सुनील भाटिया पर हमला पुरानी रंजिश का नतीजा था। मुख्य आरोपी रोबिन का सुनील के साथ कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुनील की शिकायत पर माइनिंग विभाग ने रोबिन की एक गाड़ी जब्त कर ली थी, जिसके बाद उसने हमले की साजिश रची।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, रोबिन ने अपने जीजा विजय, तुर्की में रह रहे भाई साहिल और यूके में मौजूद एक परिचित की मदद से पूरी योजना तैयार की थी। मुख्य शूटर अमन और उसके साथी राहुल ने 31 मई को शाहाबाद में सुनील भाटिया पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हमले में सुनील की जांघ और गर्दन में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस ने इस मामले में रोबिन, अमन, राहुल और विजय सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।