Massive Fire in Delhi’s Palam

दिल्ली के पालम में भीषण आग: एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, कई घायल

pp

Massive Fire in Delhi’s Palam Claims

राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिमी जिले के पालम इलाके के साध नगर में बुधवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान प्रवेश (35), कमल (40), आशु (32) और तीन बच्चियों (उम्र 12, 6 और 5 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 7:04 बजे की है, जब पालम गांव थाना पुलिस को राम चौक मार्केट स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए दमकल की करीब 30 गाड़ियां तैनात की गईं।

यह इमारत WZ-124A पते पर स्थित थी, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर कपड़े और कॉस्मेटिक का शोरूम था, जबकि ऊपर की मंजिलों पर एक ही परिवार के करीब 15 सदस्य रहते थे। बताया जा रहा है कि इमारत में केवल एक ही निकास था और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं थी, जिससे बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक शोरूम से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जान बचाने के लिए दो लोगों ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिसमें एक बच्ची को फ्रैक्चर आया है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच जारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

यह हादसा एक बार फिर राजधानी में अग्नि सुरक्षा मानकों और इमारतों में आपातकालीन निकास की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।