Massive Fire Breaks Out at Three-

दिल्ली के उत्तम नगर में 3 मंजिला इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

pp

Massive Fire Breaks Out at Three-

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत में इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा शोरूम संचालित किया जा रहा था। आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की 15 से अधिक दमकल गाड़ियों और 75 से ज्यादा दमकल कर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार आग इमारत के बेसमेंट से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। लगभग 350 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इस इमारत की सभी मंजिलें आग की चपेट में आ गईं, जिससे वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिजली के उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 6:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल इमारत और उसमें रखे सामान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।