कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आज पहुंचेंगे मासूम शर्मा, अवतार गिल, अनुप जलोटा
- By Gaurav --
- Saturday, 28 Mar, 2026
Masoom Sharma, Avtar Gill, Anup Jalota will reach Kurukshetra University today
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित 8वें हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शनिवार को सांस्कृतिक रंगों और फिल्मी जगत की चमक देखने को मिली। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता अवतार गिल की मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
मंच पर पहुंचते ही अवतार गिल हरियाणवी गीतों पर थिरकते नजर आए, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। तालियों की गूंज से पूरा परिसर जीवंत हो उठा। उन्होंने अपने फिल्मी करियर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे अब तक 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने संजय दत्त, अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र और देव आनंद जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव भी साझा किए।
महोत्सव के दौरान हरियाणवी संगीत की भी खास प्रस्तुति देखने को मिलेगी। मशहूर गायक मासूम शर्मा अपनी लाइव प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि जगबीर राठी और अंजलि राघव भी अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को यादगार बनाएंगे। विद्यार्थियों और दर्शकों में इन प्रस्तुतियों को लेकर खासा उत्साह है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा, संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट एंड कल्चरल डेवलपमेंट, कुरुक्षेत्र के सहयोग से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश-विदेश की फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे सिनेमा और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि मासूम शर्मा हरियाणवी संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं और उनके गीत युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। वहीं, फेस्टिवल निदेशक धर्मेंद्र डांगी ने जानकारी दी कि इस आयोजन में कई प्रसिद्ध फिल्म कलाकार, निर्देशक और सांस्कृतिक हस्तियां भाग ले रही हैं।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि यह महोत्सव विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जोड़ने के साथ-साथ हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और कला को भी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अनूप जलोटा, अमिता नांगिया, निशा शर्मा और राम मेहर महला सहित कई कलाकारों की उपस्थिति महोत्सव की गरिमा को और बढ़ा रही है।
महोत्सव के अंतर्गत आज दोपहर बाद अवार्ड समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ फिल्मों, अभिनेताओं और सिनेमा व संस्कृति में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।