सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बक्सर जेल से युवक को रिमांड पर ले गई बंगाल STF
Major Revelation in Murder Case of Suvendu Adhikari
बक्सर। Major Revelation in Murder Case of Suvendu Adhikari, बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ की हत्या मामले में गुरुवार को बक्सर जेल से एक युवक को पूछताछ के लिए बंगाल एसटीएफ की टीम रिमांड पर ले गई है।
हत्याकांड के पांच दिन बाद आरोपित युवक को शराब तस्करी में बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार किया था और फिलहाल केंद्रीय कारा में बंद था।
10 दिनों के रिमांड पर अपने साथ बंगाल ले गई
चन्द्रनाथ रथ की हत्या मामले में बंगाल पुलिस का अनुसंधान जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है, घटना में शामिल अपराधियो का एक एक कर नाम सामने आ रहा है। इस बीच गुरुवार को बक्सर पहुंची बंगाल एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय कारा जाकर शराब तस्करी में गिरफ्तार यूपी के जमानिया निवासी संजय राय से घंटों पूछताछ की और फिर 10 दिनों के रिमांड पर अपने साथ बंगाल ले गई।
संजय राय को गत 11 मई को राजपुर पुलिस ने रूटीन जांच के तहत थाना क्षेत्र के यूपी की सीमा से लगे सायर घाट से गिरफ्तार किया था। जांच के क्रम में पुलिस ने उसके पास से पांच लीटर शराब बरामद किया था।
बंगाल पुलिस की जांच से बचने के लिए गिरफ्तार
राजपुर पुलिस के अनुसार यह एक रूटीन जांच थी, जिसके तहत यूपी से आनेवाले लोगों की तलाशी के दौरान संजय राय के पास शराब बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार संजय राय के खिलाफ अन्य कोई आपराधिक मामला दर्ज होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, जिस सहजता के साथ संजय राय की शराब के साथ गिरफ्तारी हुई है उससे अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि बंगाल पुलिस की जांच से बचने के लिए वह जानबूझकर गिरफ्तार हुआ था।
बक्सर के दो बदमाश पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
बताते चलें कि छह मई की रात बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ की अपराधियो ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी जब वे अपने घर जा रहे थे।
हत्या मामले में इसके पहले भी छापेमारी करते हुए बंगाल एसटीएफ की टीम बक्सर के दो युवकों मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार कर ले जा चुकी है, और अब केंद्रीय कारा से तीसरे युवक को बंगाल एसटीएफ की टीम उठा ले गई है। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले में कुछ भी बताने से कतरा रही है।