हरियाणा की जेलों में बड़ा बदलाव: अब हर जेल वार्डन के पास होगा हाईटेक बॉडी कैमरा
- By Gaurav --
- Monday, 23 Mar, 2026
Major change in Haryana jails:
हरियाणा सरकार ने राज्य की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की सभी जिला जेलों में तैनात जेल वार्डनों को हाईटेक बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस किया जाएगा, जिससे कैदियों की हर गतिविधि रिकॉर्ड की जा सकेगी।
जानकारी के मुताबिक नए वित्तीय वर्ष में यह योजना लागू की जाएगी। इसके तहत करीब 3 हजार हाईटेक कैमरे खरीदे जाएंगे, जिसके लिए बजट को मंजूरी दे दी गई है। सरकार की योजना के अनुसार अप्रैल महीने में इन कैमरों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से जेलों के अंदर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा और सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। इन कैमरों के जरिए कैदियों की हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी, जिसे जरूरत पड़ने पर बाद में देखा और जांचा जा सकेगा।
पिछले कुछ समय में गुरुग्राम की भोंडसी जेल, रोहतक की सुनारिया जेल, फरीदाबाद की नीमका और अंबाला की सेंट्रल जेल से कई ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें कैदियों द्वारा जेल के अंदर से बाहरी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की बात सामने आई थी। कुछ मामलों में जेल कर्मचारियों की संलिप्तता भी उजागर हुई थी, जिसमें मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की सप्लाई शामिल थी।
इसी को देखते हुए सरकार ने जेल सुरक्षा को हाईटेक बनाने का फैसला लिया है। ये बॉडी वॉर्न कैमरे छोटे, हल्के और पहनने योग्य ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण होंगे, जिन्हें वार्डन की वर्दी, छाती, कंधे या हेलमेट पर लगाया जा सकेगा।
सरकार का मानना है कि इस कदम से जेलों में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ कैदियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।