द्वारका में ड्रग्स माफिया पर बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण ध्वस्त
Major action against drug mafia in Dwarka
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली - राजधानी दिल्ली के द्वारका ज़िले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिसमें अवैध निर्माण को ध्वस्त कर नशे के कारोबार पर सीधा प्रहार किया गया।
द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस और एमसीडी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स माफिया से जुड़े अवैध निर्माण को तोड़ दिया। यह कार्रवाई नजफगढ़ के इंद्रा मार्केट स्थित टेल मिल वाली गली और ट्रांसफार्मर वाली गली में की गई।
पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर बने अवैध प्लेटफॉर्म और ढांचों का इस्तेमाल नशा तस्करी के लिए किया जा रहा था। शाम होते ही यहां ड्रग्स बेचने वालों का जमावड़ा लगता था और खासतौर पर खिड़कियों के जरिए गुप्त तरीके से नशीले पदार्थों की बिक्री की जाती थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस की भारी मौजूदगी रही, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया, ताकि किसी भी तरह के विरोध से निपटा जा सके।
इस कार्रवाई में जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें राजेंद्र, अनीता, सावित्री, मूर्ति और सुभाष शामिल हैं। इन सभी पर पहले से एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य मामलों में कई केस दर्ज हैं।
द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद इलाके में साफ संदेश गया है कि अब नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।