महाराष्ट्र में बेहद दर्दनाक हादसा; 500 फीट गहरी खाई में गिरी SUV गाड़ी, 8 लोगों की मौत से मचा हाहाकार, शवों को निकाल रही पुलिस
Maharashtra SUV Falls into Deep Gorge in Raigarh 8 People Dies
Maharashtra Accident News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां अम्बेनाली घाट के पास एक SUV गाड़ी लगभग 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण रहा की गाड़ी में सवार किसी की जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि गाड़ी में कुल 8 लोग सवार थे और इस हादसे में सभी 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे के बाद हाहाकार मच गया है।
खाई से शवों को निकाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खाई में गिरे लोगों को बचाने की हर जद्दोजहद की गई लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि पुलिस अब शवों को निकाल रही है और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई कर रही है। शवों की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे में मरने वाले सभी लोग 20 से 35 साल की उम्र के बीच के बताए जा रहे हैं और महाराष्ट्र के ही रहने वाले थे।
हादसे वाला खतरनाक क्षेत्र
महाराष्ट्र में रायगढ़ और सतारा जिले की सीमा पर स्थित अम्बेनाली घाट हादसे वाला एक बेहद खतरनाक क्षेत्र माना जाता है। यहां से अक्सर ही हादसे सामने आते हैं। अम्बेनाली घाट के आसपास का पहाड़ी क्षेत्र गहरी खाई और दुर्गम भूभाग वाला क्षेत्र है, जिससे हादसे के बाद बचाव अभियान में कई मुश्किलें पैदा होती हैं और स्थिति चुनौतीपूर्ण बन जाती है। इस हादसे को लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि मरने वाले सभी लोग कोंकण या महाबलेश्वर घूमने आए होंगे और इस दौरान ये हादसे का शिकार हो गए। लेकिन हादसा हुआ कैसे? पुलिस इसकी जांच कर रही है।