Lucknow सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

Lucknow सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

Lucknow Civil Court receives

Lucknow Civil Court receives bomb

  1. तमिलनाडु में ईडब्ल्यू एस आरक्षण रोकने की कही बात
  2. एलटीटीई- पाकिस्तान आईएसआई का किया जिक्र

लखनऊ। जज के चैम्बर में 12 आरडीएक्स वाले बम लगे हैं जो जल्द ही फटेंगे। तमिलनाडु में ईडबल्यूएस आरक्षण लागू होने से रोकें, दोपहर 12:15 बजे तक सभी को खाली करा लें। यह लिखकर एक धमकी भरा मेल सोमवार की सुबह जिला जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया। जज की तरफ से तत्काल सूचना वजीरगंज पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, बम निरोधक दस्ते ने सिविल कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया लेकिन मौके से पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। चार दिन में धमकी भरा मेल भेजने की यह दूसरी घटना हुई है।

शुक्रवार को भी एक ई-मेल भेजकर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इस मामले में मेल आइडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एटीएस, सर्विलांस सेल और वजीरगंज पुलिस अज्ञात की तलाश कर रही है। हालांकि, अभी तक मामले का राजफाश नहीं हो सका है। सोमवार को फिर से एक बार कोर्ट में धमकी भरा मेल भेजा गया।

ई-मेल के अंत में लिबरेशन टाइगर्स आफ तमिल ईलम (एलटीटीई) और पाकिस्तान आएसआइ लिखा हुआ था। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में अधिवक्ता, कर्मचारी अपना काम रोककर बाहर निकल आए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई।

डॉग स्क्वॉयड की मदद से अधिवक्तओं के कक्ष, कोर्ट रूम, पार्किंग समेत सभी जगहों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कोर्ट परिसर में मौजूद कई लोगों से पूछताछ की गई। लगभग दो घंटे तक परिसर में छानबीन जारी रही। हालांकि, इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। वजीरगंज इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि जांच में कोई विस्फोटक या अन्य खतरनाक वस्तु नहीं मिली है। परिसर की चौकसी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा और सख्त की गई है। कोर्ट में आने जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। जिस आइडी से मेल आई है उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

आपराधिक घटना या शरारत की बिंदु पर जांच

सुरक्षा और खूफिया एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि मेल भेजने की घटनाएं किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा हैं या फिर शरारत करते हुए किसी ने मेल भेजे हैं।