Laghu Udyog Bharati Delegation

लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से की मुलाकात, उद्योगों के विकास पर हुई चर्चा

pp

Laghu Udyog Bharati Delegation

 

आज लघु उद्योग भारती, पंजाब एवं चंडीगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने माननीय राज्यपाल, पंजाब एवं प्रशासक, यू.टी. चंडीगढ़ श्री गुलाब चंद कटारिया जी से शिष्टाचार भेंट की तथा उद्योगों के विकास एवं उद्यमियों के हित में किए जा रहे उनके प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती पंजाब के अध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया, लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ के अध्यक्ष श्री अवी भसीन, श्री मनीष निगम, श्री अनिल शर्मा एवं श्री सुरेश गुप्ता शामिल थे।

बैठक के दौरान श्री प्रदीप मोंगिया ने पंजाब के उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा माननीय राज्यपाल महोदय से कौशल विकास एवं युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से कौशल विकास केंद्र (Kaushal Vikas Kendra) हेतु भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया।

श्री अवी भसीन ने माननीय राज्यपाल महोदय को शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया तथा चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए किए जा रहे प्रयासों हेतु राज्यपाल महोदय का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2019 के बाद पहली बार चंडीगढ़ के उद्यमियों में आशा एवं विश्वास का वातावरण बना है। उद्योग जगत को पूर्ण विश्वास है कि माननीय राज्यपाल महोदय के नेतृत्व में उद्योग हितों से जुड़े लंबे समय से लंबित विषयों का सकारात्मक समाधान निकलेगा।

श्री अवी भसीन ने अनुरोध किया कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत विनिर्माण इकाइयों को अपने द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय (Display & Sale) हेतु फैक्ट्री आउटलेट्स स्थापित करने की अनुमति प्रदान की जाए, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “वोकल फॉर लोकल”, “मेक इन इंडिया” एवं “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर, रिपेयरिंग, स्पेयर पार्ट्स एवं एक्सेसरीज़ फिटमेंट जैसी सेवाओं को अनुमति देने का भी अनुरोध किया, क्योंकि इन गतिविधियों के लिए शहर में कोई पृथक स्थान निर्धारित नहीं है।

इसके अतिरिक्त उद्योगों के संचालन में सहायक गतिविधियों जैसे हार्डवेयर स्टोर, एम.एस. स्टील एवं शीट ट्रेडर्स, औद्योगिक कच्चे माल के विक्रेता तथा अन्य उद्योग सहायक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को औद्योगिक क्षेत्र में संचालित करने की अनुमति देने का भी आग्रह किया गया, ताकि उद्योगों को आवश्यक सामग्री एवं सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

माननीय राज्यपाल महोदय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा उद्योगों के विकास एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने हेतु सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि चंडीगढ़ एवं पंजाब के उद्योगों के विकास के लिए माननीय राज्यपाल महोदय के मार्गदर्शन में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।