कृषि मंत्री की चेतावनी: मौसम स्टेशन लगाने में देरी पर स्काईमेट पर गिरेगी गाज; विंड्स कार्यक्रम की समीक्षा
kymet to Face Action Over Delays in Installing Weather Stations
लखनऊ। kymet to Face Action Over Delays in Installing Weather Stations, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आटोमैटिक वेदर स्टेशनों और आटोमैटिक रेन गेज की स्थापना में ढिलाई पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कृषि मंत्री ने सोमवार को वेदर इंफार्मेशन एंड नेटवर्क डेटा सिस्टम (विंड्स) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा के दौरान वेंडर कंपनी स्काईमेट वेदर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों को काम में लापरवाही पर फटकार लगाई। कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा न हुआ तो अनुबंध निरस्तीकरण सहित अत्यंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को अपने विधान भवन स्थित कार्यालय में बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि विंड्स कार्यक्रम प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इसके माध्यम से प्राप्त मौसम के सटीक आंकड़ों को भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल से इंटीग्रेट किया जाना है, ताकि आपदा की स्थिति में फसल क्षतिपूर्ति का त्वरित भुगतान हो सके।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 826 आटोमैटिक वेदर स्टेशन और 57,702 आटोमैटिक रेन गेज स्थापित किए जाने का लक्ष्य है। इनमें से स्काईमेट वेदर सर्विसेज को क्लस्टर-1 के 39 जिलों में 157 आटोमैटिक वेदर स्टेशन और 27,487 आटोमैटिक रेन गेज की स्थापना करानी है, परंतु सर्वेक्षण और स्थापना की वर्तमान गति असंतोषजनक है।
मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के विकास खंडों और ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में उपकरणों की स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। बैठक में सचिव कृषि इंद्र विक्रम सिंह, निदेशक कृषि डा. पंकज त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
कृषि योजनाओं के लिए 49.81 करोड़ रुपये स्वीकृत
सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के तहत जायद-2025 में गन्ना के साथ दलहन की अंतः फसली खेती के लिए बीज मिनीकिट वितरण को 28.78 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।
मृदा स्वास्थ्य का सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम के लिए 15.39 करोड़ रुपये, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या में 250 क्षमता के पुरुष छात्रावास के निर्माण को प्रथम किस्त के रूप में 5.63 करोड़ रुपये और कृषि आंकड़ों में सुधार के लिए 0.01 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है।