कैथल में पैक्स भर्ती घोटाला: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए असिस्टेंट रजिस्ट्रार ऋषि महाजन सस्पेंड
- By Gaurav --
- Saturday, 28 Feb, 2026
Kaithal PACS recruitment scam: Assistant Registrar Rishi Mahajan
हरियाणा के कैथल जिले में पैक्स (प्राथमिक कृषि सहकारी समिति) में नौकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पैक्स के असिस्टेंट रजिस्ट्रार ऋषि महाजन को हरियाणा सहकारिता विभाग ने निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार ऋषि महाजन ने इंस्पेक्टर जसबीर सिंह के साथ मिलकर गांव पाडला के एक युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी।
-
70 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे।
-
वीरवार को शेष 30 हजार रुपये लेते समय दोनों अधिकारियों को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
शिकायत कैसे पहुंची एसीबी तक?
गांव पाडला निवासी मांगेराम ने एसीबी को शिकायत दी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने पोते अभिमन्यु को पैक्स में नौकरी दिलाने के लिए अधिकारियों ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया और 30 हजार रुपये लेते हुए दोनों को पकड़ लिया।
विभागीय कार्रवाई
मामले के बाद हरियाणा सहकारिता विभाग के एसीएस ने निलंबन का आदेश जारी किया।
-
निलंबन अवधि में ऋषि महाजन का मुख्यालय पंचकुला स्थित रजिस्ट्रार सहकारी समितियां हरियाणा कार्यालय रहेगा।
-
बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
वेतन पर क्या असर पड़ेगा?
-
पहले छह महीने तक उन्हें अवकाश वेतन और महंगाई भत्ते के बराबर निर्वाह भत्ता मिलेगा (आधे वेतन के बराबर)।
-
यदि निलंबन छह माह से अधिक रहता है, तो उन्हें यह प्रमाण देना होगा कि वे किसी अन्य रोजगार या व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं, तभी जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया एसीबी द्वारा पूरी की जा रही है।