हरियाणा की डायरी: "तुम्हारी दुआओं से ही मैं जिंदा हूँ,"

हरियाणा की डायरी: "तुम्हारी दुआओं से ही मैं जिंदा हूँ,"

Haryana's Diary

Haryana's Diary

प्रस्तुति:चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार


"तुम्हारी दुआओं से ही मैं जिंदा हूँ,"

   हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज के अंबाला स्थित आवास पर उनका हालचाल जानने के लिए उनके आवास पर प्रदेशभर से नेताओं, विभिन्न संस्थाओं एवं उनके प्रशंसकों का दिनभर तांता लगा रहा। ऊर्जा मंत्री अनिल विज को पुष्पगुच्छे भेंट करते हुए उनके चाहने वालों ने हालचाल जाना व जल्द स्वस्थ होने की कामना की। 
 अनिल विज ने पंक्तियां गुनगुनाई कि "तुम्हारी दुआओं से ही मैं जिंदा हूं, वरना मैं तो धरती का छोटा सा परिंदा हूं..."। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मंत्री अनिल विज के जल्द स्वस्थ होने की मनोकामना करते हुए गीत गाया “जब तक ये पानी राहे, हमारे मंत्री जी की जिंदगानी रहे, गंगा मैया….”।  गायक राजू वडाली ने उनकी शान में गीत गुनगुनाया 'धाकड़ फैसले लेवे जो म्हारे हरियाणे में...."। 
।।।।

कल्याण के तल्ख तेवर

          विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कांग्रेस द्वारा विधानसभा गेट पर दिए धरने व प्रदर्शन को लेकर रूलिंग दी है व सख्त तेवर दिखाएं हैं।उन्होंने कहा कि विधानसभा गेट के सामने धरने प्रदर्शन की किसी को अनुमति नहीं है।उन्होंने कहा कि विरोध का अधिकार सबको लेकिन सीमाएं व मर्यादाएं अब के लिए है। गौर तलब है कि मुख्यमंत्री के साथ ही कुछ मंत्री और विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते सदन में जाना पड़ा।हरियाणा विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों के धरने के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही कुछ मंत्री और विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते सदन में जाना पड़ा। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट  ने मंगलवार को अदालत परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे ट्रैफिक जाम को गंभीरता से लेते हुए यूटी के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का स्पष्ट आश्वासन रिकार्ड किया कि अदालती समय के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए “हर समय हर संभव प्रयास” किए जाएंगे। 
----------

 कृष्ण लाल पंवार चाहते हैं दर्ज हो मुकदमा

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विधानसभा परिसर में जब हमने इनेलो में रहते हुए प्रदर्शन किया था तो हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था । ऐसे में आज कांग्रेसियों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि आज जाम के चलते मुझे और महीपाल ढांडा को दूसरे रास्ते से विधानसभा में आना पड़ा है।पंवार ने कहा कि कांग्रेस के अशोक अरोड़ा व वह उन विधायकों में है,जिन्होंने इक्ट्ठे रहते विपक्ष में एक बार विधानसभा में प्रदर्शन किया व मुक़दमे दर्ज हुए थे।अशोक अरोड़ा ने भी इसकी सदन में पुष्टि की।कांग्रेस के सदन में प्रदर्शन को लेकर सत्ता पक्ष के अन्य विधायकों व मंत्रियों ने भी मुक़दमे दर्ज करने की वकालत की।
।।।

     अनिल विज वर्क फ्रॉम होम
-हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा है कि प्रशासन की गति फाइलों की गति से तय होती है। यदि फाइलें रुकती हैं तो सरकार के काम रुकते हैं। इसलिए उन्होंने अपने विभागों में स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। इसी कार्य संस्कृति का उदाहरण देखने को मिला, जब उनके कार्यालय के वरिष्ठ सचिव श्री विजय शर्मा अंबाला छावनी स्थित ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आवास पर फाइलों के निस्तारण व निपटान हेतु पहुंचे हुए थे। इस दौरान श्री विज ने स्पष्ट निर्देश दिए कि “मेरे दफ्तर का काम/फाइल किसी भी हालत में पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए”। उन्होंने विभागीय फाइलों का अपने आवास से ही निपटान किया। उन्होंने कहा कि ‘‘जनता से जुड़े कार्यों में देरी स्वीकार्य नहीं है और समयबद्ध निस्तारण/निपटान उनकी कार्यशैली की प्राथमिकता है’’।प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही तभी सुनिश्चित होती है जब निर्णय प्रक्रिया तेज, स्पष्ट और परिणामोन्मुखी हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं कि सभी प्रस्ताव, योजनाएं और वित्तीय स्वीकृतियां नियमानुसार शीघ्रता से निपटाई जाएं, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
 ।।।

…जब बड़े साहब के ‘लाल’ नहीं दे पाए परीक्षा
हरियाणा सरकार और उससे जुड़ा हर व्यक्ति प्रदेश में नौकरियां मेरिट के आधार पर दिए जाने का दावा करता है। विपक्ष की ओर से भी गाहे-बगाहे नौकरियों में प्रदेश के युवाओं के साथ भेदभाव कर पड़ोसी राज्यों के युवाओं को नौकरी दिए जाने का आरोप लगाया जाता है। इन सबके बीच एक बड़ी जानकारी निकल सामने आई है। दअरसल, एक चौपाल पर चल रही चर्चा के अनुसार हरियाणा के बड़े साहब यानि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बेटे अनिकेत में भी सरकारी नौकरी के लिए फार्म भरा था। नौकरी पाने के लिए सीईटी की तैयारी भी की गई थी, लेकिन वह सीईटी की परीक्षा नहीं दे पाए। बता दें कि अनिकेत सैनी बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं और इस समय उनका द्वितीय वर्ष चल रहा है। अनिकेत आवेदन फार्म भरने के बाद 26 व 27 जुलाई को हुई सीईटी की परीक्षा सिर्फ इसलिए नहीं दे पाए, क्योंकि उस समय दिल्ली की एक लॉ कंपनी में उनकी इंटर्नशिप चल रही थी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जब हरियाणा के मुख्यमंत्री थे, तब साल 2022 में पहली बार सीईटी हुआ था। उसके तीन साल बाद 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सीईटी हुआ है।  हरियाणा सरकार के बड़े साहब यानि मुख्यमंत्री नायब सैनी का दावा है कि वह योग्य युवाओं को नौकरी दे रहे हैं। ऐसे में सीएम के बेटे द्वारा नौकरी के लिए प्रारंभिक परीक्षा का फार्म भरने से लेकर रिक्शा चलाने वाले व ठेला खींचने वाले लोगों के घर भी सरकारी नौकरियां लगी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मानना है कि जिस मुहिम को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने चालू किया था, वह आज भी उसी तरह से अनवरत जारी है। विपक्ष कमियां ढूंढता रहे और हम गरीब व जरूरतमंदों को मैरिट के आधार पर नौकरियां देते रहेंगे।
=--=--==-==

सी एम नायब सैनी का सादा अंदाज
वैसे तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अंदाज का हर कोई कायब है। यहीं कारण है कि प्रदेश की चौपालों पर अकसर उनके किस्से चर्चा में रहते हैं। अब हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज सामने आया। बीते दिनों हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नौकरियों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के 28 विधायकों द्वारा लाए गए कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में खूब-आरोप प्रत्यारोप चले। कभी शायराना अंदाज तो कभी आंकड़ों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो घंटे नान स्टाप बोले, जिसके बाद बैकफुट पर आए विपक्षी विधायक सदन छोड़कर जाने लगे। मुख्यमंत्री ने उन्हें हाथ जोड़कर रोका। नायब सैनी ने कहा कि कम से कम हमारी बात तो सुनकर जाओ। आपने अपनी बात कह ली है। एक वीडियो का जिक्र करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि इनके ही एक पदाधिकारी ने आरोप लगाए हैं कि इनके यहां एक जिले में 50 प्रतिशत नौकरियां मिलती थीं, सुरजेवाला को 30 प्रतिशत और पूरे हरियाणा के हिस्से में 20 प्रतिशत आती थीं। इनके समय में भाई भतीजावाद और क्षेत्रवाद था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं के इर्द-गिर्द नौकरियां घूमती थीं। इनके समय में जो गिरोह काम कर रहे थे, उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त था। अब तक उनके खिलाफ हमारी सरकार ने 26 एफआईआर दर्ज की हैं। सीएम ने शायराना अंदाज में कहा कि रोजगार की धूप निकली है मेहनत के आसमान में, पर जिन्हें अंधेरा पसंद हो वह उजाला कहां पाते हैं। इन्हें उजाला पसंद नहीं है। अपनी बात बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल तक फाइलों में सपने सजाते थे, वह आज रोजगार का मातम मनाते हैं।
काम रोको प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जब आंकड़ों के साथ जवाब देना शुरू किया तो लगातार सदन का समय बढ़ते देख कांग्रेस विधायक बाहर जाने लगे। इस पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायकों को हाथ जोड़कर सदन में रूकने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री का मान रखते हुए कुछ कांग्रेस विधायक वापस सीट पर लौट आए।
।।।
=-===-===

राज्यसभा चुनाव में स्याही कांड से बचने की कोशिश !
केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा के किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल पूरा होने पर ये सीटें खाली हुई हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा के सीनियर आईएएस अधिकारी पकंज अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि विधानसभा में डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछले दो चुनाव से आईएएस अधिकारी को राज्यसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। राज्यसभा के चुनाव में पेन की स्याही बदलने के कांड के बाद से विधानसभा सचिवालय के किसी अधिकारी को रिटर्निंग अधिकारी नहीं लगाया गया है। उस समय कांग्रेस व इनेलो समर्थित आरके आनंद चुनाव हार गए थे और भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा चुनाव जीत गये थे। तब भाजपा ने अपनी पहली सीट पर चौधरी बीरेंद्र सिंह को राज्यसभा भेजा था। उस चुनाव में विधानसभा सचिव आरके नांदल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया था। किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल को पूरा हो रहा हैं। रिटर्निंग अधिकारी पंकज अग्रवाल कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में प्रधान सचिव हैं। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की दोनों सीटों के लिए नामांकन पांच मार्च तक जमा किए जा सकते हैं। नामांकनों की स्क्रूटनी छह मार्च को होगी। आवेदक नौ मार्च तक अपने आवेदन वापस ले सकते हैं। अगर आवश्यक हुआ तो 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूप में मतदान कराया जाएगा। आवेदन दस्तावेज कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय में एआरओ गौरव गोयल को सौंपे जा सकते हैं। बता दें कि भाजपा की निगाह कांग्रेस के हिस्से वाली राज्यसभा सीट पर भी है। इस सीट पर अपने समर्थन से उम्मीदवार उतारने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जल्दी ही भाजपा हाईकमान से स्वीकृति प्राप्त कर सकते हैं। पहली सीट पर भाजपा उम्मीदवार के रूप में नाम पर चर्चा हो चुकी है, जिसके लिए भी केंद्रीय नेतृत्व से अनुमति प्राप्त की जाएगी। दो राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा व कांग्रेस द्वारा एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाने और कोई तीसरा उम्मीदवार सामने नहीं आने की स्थिति में मतदान कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
=--==-==

हरियाणा वालों के लिए 40 हजार एकड़ जमीन !
हरियाणा में अवैध कॉलोनियों के पनपने पर अंकुश लगाने की रणनीति और लोगों को सस्ते प्लॉट उपलब्ध कराने की योजना के तहत 12 शहरों में नये सेक्टर विकसित किए जाएंगे। इन सेक्टरों के लिए करीब 40 हजार एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से इस जमीन का इंतजाम कर लिया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अगले दो से तीन दिनों के भीतर नये सेक्टरों के विकसित करने के पूरे प्रारूप की जानकारी सदन में देंगे। विधानसभा के बाहर और सदन में जनप्रतिनिधि लंबे समय से नये सेक्टर विकसित करने की मांग राज्य सरकार से कर रहे थे। उनकी दलील थी कि नये सेक्टर विकसित नहीं होने से राज्य में अनियमित कॉलोनियां पनप रही हैं। लोग मजबूरी में इन अवैध कॉलोनियों में प्लाट लेने को मजबूर हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार पहले चरण में समालखा, नरवाना, हांसी, होडल, पिहोवा, लाडवा, घरौंडा, पिंजौर, कालका, शाहबाद, तावडू और लोहारू में नये सेक्टर काटेगी। इन शहरों में क्रमवार तरीके से बढ़ोतरी की जाती रहेगी। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान समालखा के भाजपा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना ने नये सेक्टर विकसित नहीं होने का मुद्दा उठाया था। मनमोहन भड़ाना ने कहा कि न केवल समालखा बल्कि पूरे राज्य में नये सेक्टर नहीं कट रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नये सेक्टर काटते समय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के लिए एचएसवीपी के सेक्टरों में 25 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। सरकार के इस फैसले का विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक अशोक अरोड़ा ने सराहना करते हुए कहा कि राज्य भर में अवैध कॉलोनियां काटने का कारोबार पूरी तरह से पनप चुका है, जिस पर पूरी सख्ती के साथ अंकुश लगाने की जरूरत है। छोटी-छोटी कॉलोनियां काटकर लोगों को सस्ते प्लाट देने के लालच में ठगा जा रहा है, जबकि वहां कोई सुविधा भी नहीं होती।
हरियाणा की नायब सरकार ने चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के 52 से अधिक शहरों में 500 के लगभग नये सेक्टर विकसित करने का खाका तैयार किया हुआ है। नये जिले हांसी सहित प्रदेश में कुल 23 जिले हैं। इन जिलों के अंतर्गत प्रदेश में कुल 154 शहर व कस्बे शामिल हैं। सरकार ने प्रदेश को पांच जोन में बांट दिया है। हर जोन में शहरों को शामिल किया गया है, ताकि उनमें नये सेक्टरों की संभावनाओं को तलाशा जा सके। सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, हिसार व रोहतक को जोन बनाया है।
-=-=-==

मिट्टी ने खोला इतिहास का राज
विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में गिनी जाने वाली ऐतिहासिक नगरी राखीगढ़ी एक बार फिर चर्चा में है। यहां चल रहे पुरातात्विक उत्खनन के दौरान दो मीटर चौड़ी कच्ची ईंटों की दीवार के अवशेष मिले हैं। इस खोज ने शोधकर्ताओं को उत्साहित कर दिया है। इसे राखीगढ़ी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण खोज माना जा रहा है। टीला नंबर दो पर खुदाई के दौरान जब कच्ची ईंटों की दीवार के अवशेष दिखाई दिए तो पुरातत्वविदों ने खनन का दायरा बढ़ाया। आगे खुदाई करने पर लगभग दो मीटर चौड़ी दीवार सामने आई। अब तक यहां 30 से 50 सेंटीमीटर चौड़ाई वाली दीवारें ही मिली थीं, इसलिए इतनी चौड़ी दीवार का मिलना नई संभावनाओं की ओर संकेत करता है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह दीवार किसी विशाल हॉलनुमा भवन का हिस्सा रही होगी या फिर सुरक्षा संबंधी संरचना का भाग हो सकती है। हालांकि, इसके वास्तविक उपयोग को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। आगे की खुदाई से इसकी पूरी लंबाई और बनावट स्पष्ट होने पर ही इसके उद्देश्य के बारे में ठोस जानकारी मिल सकेगी। दीवार के साथ पत्थर, पशुओं की हड्डियां, तांबे के अवशेष और टेराकोटा की चूड़ियां भी मिली हैं। ये सभी सामग्री उस काल की जीवनशैली, सामाजिक ढांचे और सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक देती हैं। पुरातत्व विभाग के शोधकर्ताओं के लिए यह खोज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पहली बार इतनी चौड़ी दीवार सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर यह किसी सुरक्षा व्यवस्था या बड़े भवन से जुड़ी प्रतीत होती है। दीवार की संरचना का गहन अध्ययन किया जा रहा है और आगे की खुदाई से इसके उपयोग को लेकर और स्पष्टता आएगी। इससे पहले टीला नंबर तीन सहित अन्य टीलों पर 30 से 40 सेंटीमीटर चौड़ी कच्ची ईंटों की दीवारें और मकानों के अवशेष मिले थे। लेकिन दो मीटर चौड़ी दीवार की यह खोज अब तक की सबसे अलग और महत्वपूर्ण खोज मानी जा रही है। इतिहास की परतों से उभरी यह नई संरचना राखीगढ़ी के अतीत को समझने की दिशा में एक और अहम कदम साबित हो सकती है। अब सबकी निगाहें आगे की खुदाई पर टिकी हैं, जिससे इस दीवार से जुड़े रहस्यों का खुलासा हो सके।
=-========-

अब दिन में होंगी शादियां
हरियाणा की खाप पंचायतों ने समाज सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। बीते दिनों गांव सिसाना में दहिया खाप की अध्यक्षता में अलग-अलग खापों की महापंचायत हुई। इसमें एकमत से यह फैसला लिया गया कि अब शादी समारोह रात के बजाय दिन में होंगे। इस पहल का मुख्य मकसद शादियों में बढ़ते फिजूलखर्ची पर रोक लगाना और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है। अलग-अलग खापों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों ने इसमें हिस्सा लिया और सामाजिक सद्भाव और सुधार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।पंचायत के दौरान शादियों में बढ़ते खर्च, फालतू दिखावे और रात के कार्यक्रमों में होने वाली दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई। काफी सोच-विचार के बाद, एकमत से यह फैसला लिया गया कि भविष्य में सभी खाप प्रमुख और प्रतिनिधि अपने परिवार की शादियां दिन में करेंगे, रात में नहीं। प्रधानों ने कहा कि दिन में शादियां करने से फालतू खर्च नहीं होगा, सुरक्षा की चिंता कम होगी और बुजुर्गों और महिलाओं को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, बिजली की खपत कम होगी और सामाजिक कार्यक्रम सादे तरीके से होंगे। पंचायत ने यह भी फैसला किया कि यह फैसला खाप से जुड़े सभी गांवों को बताया जाएगा और समुदाय से इसका पालन करने की अपील की जाएगी, जबकि मीटिंग में मौजूद प्रतिनिधि खुद इसका पालन करेंगे। मीटिंग में यह भी चर्चा हुई कि कोई भी खाप प्रधान गलत कदम उठाएगा तो उस पर कार्रवाई होगी।
-==-==-==-=-=-=

होली पर मिलेगी बड़ी राहत
होली की भीड़ व यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेलवे ने जहां कुछ ट्रेनों को विस्तार दिया है, वहीं कुछ स्पेशल ट्रेन भी चलाई हैं। इसके तहत इसके तहत ट्रेन नंबर 04654/04655 अमृतसर-न्यू जलपाइगुड़ी-अमृतसर को विस्तार दिया गया है। यह ट्रेन चार मार्च से 25 मार्च तक चलाई जाएगी। अप एंड डाउन में यह ट्रेन चार चक्कर लगाएगी। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इसी तरह रेलवे ने अमृतसर-कटिहार-अमृतसर ट्रेन नंबर 04622/046621 को चलाया है। यह ट्रेन 28 फरवरी से 2 मार्च तक चलेगी। इसी तरह रेलवे द्वारा ट्रेन नंबर 04823/04824 जोधपुर से मऊ जंक्शन तक चलाई जा रही है। यह ट्रेन एक मार्च से 29 मार्च तक जोधपुर से चलेगी जबकि मऊ से यह ट्रेन 3 मार्च से 31 मार्च तक चलाई जाएगी।
=-=-=-=-=-=-

सी एम ने की विधानसभा अध्यक्ष की तारीफ
अपनी सादगी के लिए पहचाने जाने वाले घरौंड़ा से विधायक और सूबे की पंचायत में माननियों के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने वाले हरविंद्र कल्याण के स्वभाव को लेकर खुद बड़े साहब को भी तारीफ करनी पड़ी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विधानसभा के सत्र में बोल रहे थे। उस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पीकर कल्याण के सबको साथ लेकर चलने वाले स्वभाव की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ओर से सत्ता पक्ष के साथ भले ही भेदभाव हो गया हो, लेकिन विपक्ष को उनकी (स्पीकर की ओर से) बोलने का पूरा मौका दिया गया है। बता दें कि इससे पहले विपक्ष की ओर से भी स्पीकर हरविंद्र कल्याण के स्वभाव को लेकर उनकी तारीफ की जा चुकी है।

प्रस्तुति: चन्द्र शेखर धरणी