नीति आयोग बैठक के बाद पीएम मोदी से मिले कई राज्यों के मुख्यमंत्री; जानिए किन-किन मुद्दों पर हुई बात

Chief Ministers of several states met PM Modi

Chief Ministers of several states met PM Modi

Chief Ministers of several states met PM Modi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को अलग-अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक के बाद हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी ने की थी।

PM मोदी से मिले योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा कीं।

J&K को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी से मुलाकात की और केंद्र शासित प्रदेश का 'पूर्ण राज्य का दर्जा' बहाल करने की मांग उठाई। बाद में अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को 'लगातार 12 साल' पद पर बने रहने की 'ऐतिहासिक' उपलब्धि पर बधाई भी दी। अब्दुल्ला ने पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने सहित जम्मू-कश्मीर से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।शिवकुमार और PM मोदी के बीच किन मुद्दों पर हुई बात

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पीएम मोदी से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच राज्य की विकास प्राथमिकताओं पर सार्थक चर्चा हुई। तीन जून को मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पीएम मोदी के साथ शिवकुमार की यह पहली मुलाकात है।

शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने मोदी के साथ कर्नाटक की विकास प्राथमिकताओं पर 'सार्थक चर्चा' की, जिसमें बुनियादी ढांचा, निवेश, शहरी परिवहन, सिंचाई, नवाचार और लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाली कल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं।

PM मोदी से मिले रेवंत रेड्डी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से मुलाकात की। रेड्डी नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में शामिल होने राष्ट्रीय राजधानी आए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से मुलाकात की।''

PM मोदी से दूसरी बार मिले CM विजय

मुलाकात की इस कड़ी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की। राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद पिछले महीने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पीएम मोदी से उनकी यह दूसरी मुलाकात है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक पोस्ट में कहा, ''तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु विजय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।''