मोबाइल गेम खेलते समय फट गई दिमाग की नस; 22 साल के युवक का ब्लड प्रेशर अचानक 300 पार हुआ, इंटरनल ब्लीडिंग से मौत
Meerut 22 Year Old Youth Brain Nerve Rupture While Playing Mobile Game
Meerut Youth Death: बच्चे हों या युवा... आज मोबाइल गेम और ऑनलाइन गेमिंग के दलदल में बुरी तरह फंस चुके हैं। गेम के वो इस तरह आदी हैं की इसके आगे फिर उन्हें कुछ और नहीं दिखता। लेकिन मोबाइल पर गेम खेलते हुए जान भी जा सकती है। उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आए एक मामले ने सभी को हैरान और परेशान कर दिया है. यहां मोबाइल गेम खेलते समय 22 साल के एक युवक के दिमाग की नस फट गई और इसके बाद उसे बचाया नहीं जा सका। युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
युवक का ब्लड प्रेशर अचानक 300 पार हुआ
22 साल के इस युवक का नाम मोहम्मद कैफ बताया जाता है। कैफ को मोबाइल पर गेम खेलने का बहुत शौक था। दिन हो या रात, कान में हेडफोन या ईयर प्लग लगाकर वह रोज घंटों-घंटों मोबाइल पर गेम ही खेलता रहता था। रोज की तरह वो करीब 3 दिन पहले भी रात के समय मोबाइल गेम ही खेल रहा था। लंबे समय तक गेम खेलने के दौरान कैफ अचानक जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। इसके बाद घर वाले भागे-भागे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों से पता चला कि ब्लड प्रेशर 300 पार पहुंचने से उसके दिमाग की नस फट गई है। ब्रेन हैमरेज हुआ है और इंटरनल ब्लीडिंग है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ के डॉक्टरों ने इलाज के लिए मोहम्मद कैफ को फटाफट दिल्ली ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार के लोग मोहम्मद कैफ को दिल्ली ले गए। जहां सफदरगंज अस्पताल में दो दिन तक वो जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। लेकिन किसी भी हालत में कैफ की जान नहीं बचाई सकी। बताया जा रहा है कि मोहम्मद कैफ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इसी के चलते परिवार ने भी मोहम्मद कैफ के उपचार में कोई कमी नहीं रखी। लेकिन मोहम्मद कैफ की मौत हो गई।
मोबाइल फोन और ऊपर से गेम की लत
आज बच्चे और युवा मोबाइल फोन के लती हो रहे हैं। छोटे बच्चे मोबाइल पर वीडियो देखते रहते हैं और युवा इंटरनेट और सोशल मीडिया पर समय गुजार रहे हैं। मोबाइल फोन, इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेम। ये आज युवाओं की सबसे बड़ी समस्या है। जिसमें अत्यधिक मानसिक तनाव, लगातार उत्तेजना और नींद की कमी के कारण स्वास्थ्य पर इसका गहरा असर पड़ रहा है। इसलिए सावधान हो जाइए और अपने बच्चों को बचा लीजिए। वरना स्थिति बड़ी भयावह होगी। अब सोचना आपको है...