दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमला; मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई में आया था हमलावर, दिल्ली पुलिस के हाथ-पांव फूले, मचा हड़कंप

CM Rekha Gupta Attack Video Breaking News

Delhi CM Rekha Gupta Attack Video Breaking News

Delhi CM Rekha Gupta Attack: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हुआ है। यह हमला उस दौरान हुआ जब रेखा गुप्ता बुधवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई कर रहीं थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनसुनवाई में आया एक व्यक्ति सीएम रेखा गुप्ता के पास पहुंचा और अचानक से उनपर हमला कर दिया। जिसके बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि, हमलावर शख्स ने रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा और साथ ही धक्का-मुक्की की। जिससे रेखा गुप्ता के सिर पर भी चोट आई है।

हालांकि, रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारने की अभी पुष्टि नहीं हो पा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में और कुछ चश्मदीद लोगों द्वारा रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारने की बात कही जा रही है। फिलहाल, आरोपी हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे सिविल लाइंस पुलिस थाने ले जाया गया है, जहां उससे पूछताक्ष की जा रही है। सीएम पर हमले की घटना से दिल्ली पुलिस के हाथ-पांव फूले हुए हैं। दिल्ली प्रशासन और गृह मंत्रालय तक भारी हलचल देखी जा रही है। घटना के बाद दिल्ली मुख्य सचिव समेत तमाम आलाधिकारी और मंत्री मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हुए हैं।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा- यह कायराना हमला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, यह बहुत ही कायराना और शर्मनाक हमला है। जो भी लोग यह सोचते हैं कि किसी महिला पर हिंसा करके दिल्ली के काम को, दिल्ली के विकास को रोक देंगे, ऐसे अपराधियों को दिल्ली माफ नहीं करेगी। वहीं मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, मैं जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। वे दिन-रात दिल्ली की चिंता करती हैं। यह विरोधियों की साज़िश है। इसके पीछे एक राजनीतिक साज़िश लगती है। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।

मुख्यमंत्री की हालत स्थिर

इधर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। तभी एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज़ दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींचने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई। लोगों ने उसे पकड़ लिया। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। मैं उनसे मिला हूं, वे एक मज़बूत महिला हैं। ऐसा लगता है कि उनके सिर पर हल्की चोट लगी है। राजनीति में इस तरह की घटनाओं का होना निंदनीय है।

पूर्व CM आतिशी ने हमले की निंदा की

दिल्ली की पूर्व CM और आप नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। आतिशी ने कहा, ''दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।"

वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले को लेकर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, यह गृह मंत्रालय की विफलता है. इसकी उचित जांच होनी चाहिए। वहीं दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?