लखनऊ में 19 साल के बेटे ने पिता की हत्या कर शव के टुकड़े किए, पूरे इलाके में सनसनी
In Lucknow, a 19-year-old son murdered his father
लखनऊ के आशियाना इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां एक 19 साल बेटे ने अपने ही पिता की लाइसेंसी राइफल से हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव के साथ जो किया, उसे सुनकर इलाके के लोग स्तब्ध हैं. इस पूरी वारदात के केंद्र में है 19 वर्षीय अक्षत प्रताप सिंह, जिसका व्यवहार बचपन से ही जिद्दी रहा है. पड़ोसियों के मुताबिक, अक्षत की मां की मौत बचपन में ही हो गई थी, जिसके बाद वह बेहद अड़ियल, जिद्दी और बागी स्वभाव का हो गया था. करीब 4 साल पहले भी अक्षत ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक चिट्ठी छोड़ी थी और घर से भाग गया था.
अक्षत का मन पढ़ाई-लिखाई में बिल्कुल नहीं लगता था, जबकि उसके पिता मानवेंद्र सिंह (जो शराब और पैथोलॉजी के बड़े कारोबारी थे) चाहते थे कि उनका बेटा मेडिकल की पढ़ाई करे और उनके बिजनेस को संभाले. इसी करियर और पढ़ाई के दबाव ने अक्षत के भीतर ऐसी नफरत भरी कि उसने अपने ही पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
पहले गोली मारी, फिर किए शव के टुकड़े
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, यह घटना 20 फरवरी की सुबह की है. पुलिस पूछताछ में अक्षत ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पिता के सिर में लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. हत्या के बाद वह शव को घसीटते हुए घर के उस ग्राउंड फ्लोर पर ले गया, जहां कोई नहीं रहता था.
बाजार से खरीद कर लाया आरी
शुरुआत में उसने शव को कार में लादकर गोमती नदी में फेंकने की योजना बनाई, लेकिन वजन ज्यादा होने के कारण वह असफल रहा. इसके बाद वह बाजार से आरी खरीदकर लाया और पिता के शव को बेरहमी से काट डाला. उसने हाथ, पैर और सिर काटकर कहीं दूर फेंक दिए, जबकि धड़ को एक स्लीपिंग बैग में भरकर नीले ड्रम में छिपा दिया.