दिल्ली के जामिया नगर में अवैध LPG का खेल बेनकाब, 62 सिलेंडर के साथ आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के जामिया नगर में अवैध LPG का खेल बेनकाब, 62 सिलेंडर के साथ आरोपी गिरफ्तार

Illegal LPG Racket Exposed in Delhi Jamia Nagar

Illegal LPG Racket Exposed in Delhi's Jamia Nagar

अनिल कुमार गुप्ता अर्थ प्रकाश, नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के बाद एलपीजी सिलेंडर की कमी देशभर में देखी जा रही है. वहीं इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है. जहां रोजाना लोग गैस गोदाम पर लंबी-लंबी लाइन लगाकर गैस सिलेंडर लेकर खड़े रहते हैं. इसके बावजूद लोगों को गैस नहीं मिल पा रहा है. जिसकी वजह से कई घरों में चूल्हा नहीं जल पा रहा तो वहीं अब गैस की कमी की वजह से रेस्टोरेंट और होटल भी बंद होने लगे हैं.

वहीं कई लोग गैस सिलेंडर को ब्लैक में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं. जिसको लेकर दिल्ली पुलिस गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले लोगों पर सख्त रवैया अपनाते हुए शिकंजा कस रही है. जिसके तहत दक्षिण-पूर्व जिला की टीम ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 62 सिलेंडर तथा उन्हें ले जाने में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया गया है.16 मार्च सोमवार को बीट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने देखा कि जामिया नगर इलाके में एक व्यक्ति एक वाहन के पास खड़ा है , जिसमें एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे और जिनकी क्षेत्र में बिक्री की जा रही थी. संदेह होने पर पुलिस टीम ने उस व्यक्ति को रोका और उससे एलपीजी सिलेंडर बेचने के लिए लाइसेंस या अनुमति के बारे में पूछताछ की. तो वह व्यक्ति कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने बताया कि उसके पास ऐसी कोई अनुमति नहीं है.

वाहन की जांच करने पर कुल 62 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 48 भरे हुए सिलेंडर, 14 इस्तेमाल किए हुए सिलेंडर शामिल थे. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी जामिया नगर के निवासियों को बिना किसी पर्ची या रसीद दिए अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर बेच रहा था ताकि अधिक मुनाफा कमाया जा सके.

आरोपी ने यह भी बताया कि वह टाटा ऐस वाहन के मालिक मुकेश के साथ मिलकर यह काम कर रहा था, इसके बाद थाना जामिया नगर में एफआईआर संख्या 91/26, धारा 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं धारा 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय शहनवाज के रूप में हुई है जो जामिया नगर इलाके का रहने वाला है. लगभग दो महीने पहले उसका संपर्क मुकेश से हुआ था जिसके बाद उसने अधिक मुनाफा कमाने के लिए जामिया नगर में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर बेचना शुरू कर दिया.