नारी शक्ति का 'योगी मॉडल': "छेड़छाड़ की तो यमदूत काटेंगे टिकट, स्वावलंबन से बनेगी नई पहचान"
"If there is molestation, Yamdoots will cancel the ticket,
लखनऊ। "If there is molestation, Yamdoots will cancel the ticket, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुझे दो कार्यों पर गौरव की अनुभूति होती है, जिसमें एक है नारी सुरक्षा और दूसरा है नारी स्वावलंबन।
इसी उपलब्धि का वर्णन करते हुए सीएम ने कड़े तेवर में कहा ‘अब बेटियों से छेड़छाड़ करने वाले शाेहदों और दुराचारियों को पता है कि अगले चौराहे पर यमदूत उनका टिकट काट देते हैं, जबकि 2017 तक स्थिति ऐसी थी कि अभिभावकों ने डर से बच्चियों का स्कूल छुड़वाया या दूर हास्टल में शिफ्ट कर आए।
पिछली सरकार दंगाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए पीएसी को बंद कर रही थी, लेकिन हमने झलकारी बाई और अवंतीबाई जैसी वीरांगनाओं के नाम पर तीन नई बटालियन बनाई। तीन और गठित की जाएंगी। शोहदों के इलाज के लिए यूपी पुलिस में 20 फीसदी बेटियों की भर्ती की गई’।
यूपी पुलिस में 1947 से 2017 तक कुल 10 हजार महिलाकर्मी थीं, लेकिन पिछले आठ साल में यह संख्या 44 हजार पार कर गई है। कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए वाराणसी, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, झांसी व आगरा में पांच-पांच सौ बेड की क्षमता वाले हास्टल बनाए जा रहे हैं, जबकि अयोध्या, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, मीरजापुर के लिए बजट दिया गया है।
यूपी में 20 हजार से ज्यादा स्टार्टअप में से आधी महिलाएं संचालित कर रही हैं। सीएम ने छह महिलाओं को नारी शक्ति अवार्ड दिया। 94 नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीमा व साड़ी के लिए 38 करोड़ की धनराशि जारी की गई।
सीएम योगी ने पहले इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ का निरीक्षण किया। इसके बाद ज्यूपिटर हाल में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने हाथ में माइक लेकर हाल में उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद किया। गाजीपुर की प्रमिला से सीएम ने पूछा ‘आपको आयुष्मान योजना का लाभ मिला क्या, अगर नहीं तो अपना नाम जुड़वाएं’।
चंदौली की सोनी कुमारी से पूछा“आप सालभर में कितने का फूल बेचती हैं आप किस मंडी में। क्या प्रयोग किए जा चुके फूलों से अगरबत्ती भी बना रही हैं? ऐसा करेंगी तो डबल इनकम होगी’ सोनी ने बताया कि उनके संपर्क में आई कई महिलाएं खेती कर रही हैं।
जौनपुर से आई दुर्गा मौर्या से सीएम ने कहा ‘मैं तो जौनपुर को इमिरती के लिए जानता था लेकिन आपकी नमकीन मशहूर हो रही है, जल्द खाने आऊंगा।’ इसके बाद संबोधन करने आए योगी ने हंसते हुए कहा कि ‘अभी मंत्री प्रतिभा शुक्लाजी ने ऐसा गाया कि लता मंगेशकर सुनतीं तो सन्यास ले लेतीं, जिस पर हाल ठहाकों से गूंज उठा।’
कहा कि लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, महिला स्वयंसेवी समूह के माध्यम से स्वावलंबन, सैनिक स्कूलों में बेटियों की भर्ती को प्रोत्साहित करने समेत प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया बढ़ी है। वाराणसी की ई-रिक्शा चालक महिला की प्रशंसा की, जो हर माह 15-20 हजार रुपये कमा रही है।
चित्रकूट में अपने दौरे की याद करते हुए कहा कि जब बेसिक शिक्षा परिषद में एक बच्ची को बिना चप्प्ल पहने स्कूल जाते देखा तो तत्काल यूनिफार्म, बैग, बुक, जूते-मोजे देने की घोषणा की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच टी (ट्रेडिशन, टेक्नोलॉजी, ट्रांसपेरेंसी, ट्रस्ट, ट्रांसफार्मेशन) विजन को ध्यान में रखकर काम किया।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपये का पैकेज सरकार अलग-अलग श्रेणी में देगी। वर्तमान में यूपी में 27 लाख बेटियां इसका लाभ प्राप्त कर रही हैं। सरकार शादी के लिए अब एक लाख रुपये खर्च कर रही है।
अब तक चार लाख से अधिक बेटियों की शादी संपन्न कराने में सरकार ने योगदान दिया है। जल्द लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लांच होगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्मार्ट फोन से हर कार्य अपलोड करते हुए बेहतर प्रदर्शन के साथ अच्छा मानदेय भी प्राप्त करेंगी। उन्हें पांच लाख रुपये कैशलेस चिकित्सा-स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की गई।
महिला स्वयंसेवी समूह जो भी बनाएंगे, उसकी पहुंच बाजार तक आसानी से हो, इसके लिए गांव, न्याय पंचायत स्तर पर सेंटर स्थापित करेंगे। पीएम-सीएम आवास योजना के तहत 62 लाख महिलाओं को आवास दिलाए जा चुके हैं। सभी 8000 न्याय पंचायतों में डिजिटल इंटरप्रेन्योर योजना लागू होगी।
इससे चार हजार महिलाएं हर न्याय पंचायत में विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ेंगी और अन्य महिलाओं को भी जोड़ेंगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, अनिल राजभर, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, उप्र महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, चारू चौधरी आदि उपस्थित रहीं।