कानपुर में एलपीजी संकट: युद्ध की तपिश से ठंडे पड़ने लगे होटलों के चूल्हे
Hotel stoves are cooling down due to the heat of war.
कानपुर। मोहम्मद अयाज का चमनगंज में रेस्टोरेंट है। रमजान में इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग भोजन के लिए आ रहे हैं। अयाज का कहना है कि कामर्शियल एलपीजी की आपूर्ति नहीं होने से भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। अगर जल्द ही सिलिंडर नहीं मिले तो रेस्टोरेंट को बंद करना पड़ सकता है। यह सिर्फ एक दुकानदार की बाद नहीं है।
कामर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से पूरे शहर में इसी तरह की समस्या खड़ी हो गई है। सिलिंडर की आपूर्ति न होने से खोमचे, ठेलों से लेकर रेस्टोरेंट-होटलों तक संकट गहराने लगा है। जिनके पास अभी स्टाक है, वे तो काम चला रहे है, जहां एलपीजी समाप्त हो गई है वे असमंजस में है कि आखिर प्रतिष्ठानों का संचालन कैसे किया जाए।
अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर पेट्रोलियम पदार्थों पर पड़ने लगा है। कच्चे तेल व गैस की कीमतों में उछाल आया है। गैस वितरण कंपनियों ने एलपीजी की कीमत बढ़ा दी हैं। एलपीजी बुकिंग की समयावधि को भी 15 से 25 दिन कर दिया गया है। एलपीजी महंगी होने के साथ इसका संकट भी गहराने लगा है।
कामर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने के बाद घरेलू सिलिंडरों की कमी की अफवाह भी फैलने लगी है। ऐसी स्थिति में ग्राहक अतिरिक्त सिलिंडरों की बुकिंग करा रहे हैं। गैस वितरण एजेंसियों में 25 दिन से पहले बुकिंग भी नहीं हो रही है। अगर एलपीजी की खपत की बात की जाए तो जिले में सामान्य दिनों में प्रतिदिन 2000 कामर्शियल सिलिंडर तथा 40 हजार घरेलू सिलिंडरों की मांग होती है।
कामर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति होटल, रेस्टोरेंट सहित खान-पान की दुकानों पर होती है। एलपीजी गैस वितरक संघ के संरक्षक भारतीश चंद्र मिश्रा बताते हैं कि मंगलवार को कंपनियों से कामर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की गई है। गैस वितरण कंपनियों का कहना है कि यह अस्थाई रूप से है। इंडियन आयल के विक्रय अधिकारी भूपेंद्र नौटियाल का कहना है कि फिलहाल कामर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है, घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पहले की तरह हो रही है। घरेलू एलपीजी की कमी नहीं है। जल्द ही कामर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी।
युद्ध का एलपीजी आपूर्ति और कीमतों पर असर
| स्थिति | विवरण |
|---|---|
| एलपीजी बुकिंग समय | 15 से 25 दिन |
| कामर्शियल सिलिंडर आपूर्ति | अस्थायी रूप से बंद |
| घरेलू एलपीजी सिलिंडर महंगा | 60 रुपये की बढ़ोतरी |
| कामर्शियल सिलिंडर महंगा | 114.50 रुपये की बढ़ोतरी |
| प्रभाव | रेस्टोरेंट और होटल व्यवसाय प्रभावित |
| प्रभावित उपभोक्ता | लगभग 13 लाख |
एलपीजी सिलिंडरों की दैनिक मांग
| सिलिंडर प्रकार | प्रतिदिन मांग |
|---|---|
| कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर | 2000 |
| घरेलू एलपीजी सिलिंडर | 40000 |
इस वजह से बढ़ रहा संकट
इजरायल व ईरान युद्ध के दौरान होर्मुज मार्ग बंद हो गया है। इसकी वजह से कार्गों जहाज व टैंकट आदि बंदरगाहों पर फंसे हुए हैं। इनमें तेल व गैस के टैंकर भी हैं। भारत में आयतित होने वाली एलपीजी का लगभग 85 प्रतिशत सऊदी अरब व खाड़ी देशों से आता है। होर्मुज मार्ग अवरुद्ध होने से, एलपीजी भारत नहीं पहुंच पा रही है।