मोहाली में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर के बाद पलटी निजी बस, 20 से अधिक यात्री घायल

मोहाली में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर के बाद पलटी निजी बस, 20 से अधिक यात्री घायल

1000219735

Horrific road accident in Mohali: Private bus overturns after collision with truck

मोहाली/जीरकपुर (साजन शर्मा)। पंजाब के मोहाली जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जीरकपुर-चंडीगढ़ हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार मनाली से दिल्ली जा रही निजी बस जैसे ही जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची, तभी पटियाला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में एक युवक बस के नीचे दब गया, जिसकी बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।


दुर्घटना के बाद पलटी हुई बस सड़क के बीचों-बीच पड़ी रही, जिससे हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को मौके पर तैनात किया।


मोहाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस और ट्रक चालक से पूछताछ की जाएगी तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से हाईवे पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।