Himachal Pradesh reels under severe cold:हिमाचल में कड़ाके की ठंड: शिमला से ठंडे मैदानी इलाके; केलांग, कुकुमसैरी, ताबो में माइनस में तापमान

हिमाचल में कड़ाके की ठंड: शिमला से ठंडे मैदानी इलाके; केलांग, कुकुमसैरी, ताबो में माइनस में तापमान

undefined

Himachal Pradesh reels under severe cold:

Himachal Pradesh reels under severe cold: हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। राज्य के ऊंचे और मैदानी दोनों इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के 27 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिनमें से अधिकांश मैदानी क्षेत्र हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचे क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर चल रही ठंडी हवाओं के कारण निचले क्षेत्रों में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। विभाग ने बताया कि जब तक पहाड़ों पर अच्छी बारिश या बर्फबारी नहीं होती, तब तक मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों की तुलना में मैदानी इलाकों में अधिक ठंड पड़ेगी।

कई मैदानी इलाकों में शिमला से भी अधिक ठंड दर्ज की गई है। बीती रात शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, प्रदेश के अन्य शहरों में ऊना का 8.3 डिग्री, कांगड़ा का 5.8 डिग्री, मंडी का 5.7 डिग्री, बिलासपुर का 8.6 डिग्री, हमीरपुर का 5.8 डिग्री, नाहन का 8.4 डिग्री, पालमपुर का 4.5 डिग्री, सोलन का 3.0 डिग्री और मनाली का 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के 12 शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है।

नाहन में न्यूनतम तापमान में सामान्य से सर्वाधिक 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे रात का तापमान 8.4 डिग्री पर आ गया। इसी प्रकार, पालमपुर का रात का पारा भी सामान्य से 5.5 डिग्री कम होकर 4.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। कांगड़ा, हमीरपुर और सोलन के न्यूनतम तापमान में भी सामान्य की तुलना में 3 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले एक सप्ताह तक ऊंचे और मैदानी इलाकों में रात का तापमान सामान्य से कम रहने का पूर्वानुमान जताया है। विशेष रूप से कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। केलांग में तापमान -2.9 डिग्री, कुकुमसैरी में -4.1 डिग्री और ताबो में -6.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंडी और बिलासपुर जिलों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंडी जिले की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा डैम के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 200 मीटर तक कम हो गई थी।