हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली एम्स में भर्ती
Himachal Pradesh Chief Minister Sukhwinder Singh
हिमाचल : Himachal Pradesh Chief Minister Sukhwinder Singh- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री को पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वर्तमान में वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका उपचार चल रहा है।
दिल्ली में ही रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर अभी तक एम्स प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री फिलहाल दिल्ली में ही रहेंगे और उनके रविवार तक शिमला लौटने की संभावना है। इस बीच, मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली गए हिमाचल कैबिनेट के अन्य मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले कुछ दिनों से अपने मंत्रिमंडल के साथ दिल्ली दौरे पर थे। 19 फरवरी से चल रहे इस दौरे के दौरान, उन्होंने 20 फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में हिमाचल की आर्थिक स्थिति और राज्य से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई थी।
पहले भी रह चुके हैं अस्वस्थ
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को पेट में इन्फैक्शन की शिकायत के चलते आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें बाद में दिल्ली एम्स रैफर किया गया था। अब एक बार फिर तबीयत बिगड़ने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता है।