Heavy Rain Raises Flood Fears

सीमावर्ती गांवों में भारी बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा, रावी-उज्ज नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण चिंतित

barish

Heavy Rain Raises Flood Fears

पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र दोरांगला के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जबकि पिछले साल आई बाढ़ जैसी स्थिति दोबारा बनने की आशंका से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे आदी, चौंतरा और सलाच समेत कई गांवों में नोमणी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके अलावा रावी और उज्ज नदियों में भी पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कई स्थानों पर पानी सड़कों तक पहुंचने से आवागमन प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव आदी में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित बीएसएफ की कुछ चौकियों तक जाने वाले रास्तों पर भी पानी भर गया है, जिससे सुरक्षा बलों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के बाद नहरों और नोमणी नालों की समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण इस बार जल निकासी बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सीमावर्ती क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था करने और संभावित बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।