यूपी में बेमौसम बारिश का कहर: सीएम योगी का आदेश— "फील्ड में उतरें अधिकारी, तत्काल दिलाएं मुआवजा"
Havoc of Unseasonal Rains in UP
खनऊ। Havoc of Unseasonal Rains in UP, मौसम के बदलाव से फसलों से हो रहे नुकसान के आकलन और किसानों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को असमय बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसल की जानकारी ली और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। कहा कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी संयुक्त सर्वे कराकर फसल नुकसान की स्थिति से शासन को अवगत कराएं, जिससे किसानों का तत्काल मुआवजा दिलाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आपदा में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सभी जिलाधिकारी फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराएं।
उन्होंने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं। फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। भुगतान समयबद्ध ढंग से हो।
टोल फ्री नंबर 14447 पर फसल नुकसान की जानकारी दें किसान
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति की सूचना देने देने के लिए कृषि विभाग ने टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया है। किसान इस नंबर पर काल कर फसल को हुए नुकसान की जानकारी दे सकते हैं और योजना से संबंधित जानकारी भी ले सकते हैं।
इसके साथ क्राप इंश्योरेंस एप और वाट्सएप चैटबाट नंबर 7065514447 के माध्यम से भी सूचना साझा की जा सकती है। कृषि विभाग के अनुसार योजनाओं से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए किसान फसल बीमा पोर्टल https://pmfby.gov.in पर भी लागिन कर सकते हैं। समस्या होने पर संबंधित जिले के उप कृषि निदेशक या जिला कृषि अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है।