बिजली सुरक्षा को लेकर डीएचबीवीएन ने चलाया विशेष अभियान
DHBVN launches special campaign on electrical safety
-संभावित विद्युत खतरे की सूचना व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर दें, होगी त्वरित कार्रवाई : विक्रम सिंह
-आम नागरिक संभावित विद्युत खतरे का फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन अथवा निकटतम लैंडमार्क विवरण कर सकते हैं सांझा
पलवल। दयाराम वशिष्ठ। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि आम नागरिकों तथा निगम कर्मचारियों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित, विश्वसनीय एवं दुर्घटना-मुक्त विद्युत प्रणाली सुनिश्चित करना निगम की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि यदि आमजन को कहीं भी टूटा हुआ बिजली का खंभा, झुकी या लटकती विद्युत लाइन, खुला बिजली का तार, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, करंट युक्त मीटर बॉक्स, अर्थ वायर, सपोर्ट वायर अथवा किसी भी प्रकार का विद्युत खतरा दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत निगम के हेल्प लाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन में कार्यकारी अभियंता को सुरक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोई भी नागरिक संभावित विद्युत खतरे का फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन अथवा निकटतम लैंडमार्क सहित विवरण कार्यकारी अभियंता (सुरक्षा) के व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर भेज सकता है। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता, फोरमैन, लाइनमैन तथा सहायक लाइन स्टाफ अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सुरक्षा निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक फीडर, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत परिसंपत्तियों का समय-समय पर निरीक्षण कर संभावित कमियों को दूर किया जाएगा तथा सभी दोषों का जीपीएस लोकेशन सहित रिकॉर्ड भी संधारित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत प्रणाली का नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करते हुए सभी संभावित जोखिमों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
बिजली उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 अथवा 18001804334 पर भी दर्ज करा सकते हैं शिकायतें : प्रबंध निदेशक
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के विद्युत खतरे को नजरअंदाज न करें तथा उसकी सूचना तुरंत व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर भेजें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि बिजली सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.dhbvn.org.in पर उपलब्ध सुरक्षा मैनुअल एवं सुरक्षा संबंधी वीडियो का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1912 अथवा 18001804334 पर भी दर्ज करा सकते हैं।