अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स विरोधी दिवस पर पंचकूला पुलिस का सख्त संदेश और जनजागरूकता अभियान

Panchkula Police stern message and public

Panchkula Police's stern message and public

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स विरोधी दिवस पर पंचकूला पुलिस ने दिया संदेश : ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत सेक्टर-16 में 20 नशा पीड़ितों का शुरू कराया गया निःशुल्क उपचार, मौली गांव पहुंचकर लोगों को किया जागरूक

Panchkula Police's stern message and public, पंचकूला अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स विरोधी दिवस के अवसर पर पंचकूला पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने व्यापक अभियान को और अधिक तेज करते हुए जिले में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन द्वारा पंचकूला को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत लगातार नशा विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना, नशा पीड़ितों को उपचार उपलब्ध करवाना तथा समाज को इस गंभीर समस्या के प्रति जागरूक करना है।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स विरोधी दिवस के उपलक्ष्य में पंचकूला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सेक्टर-16 पुलिस चौकी प्रभारी भीम सिंह ने अपनी टीम के साथ सेक्टर-16 स्थित लेबर चौक पर नशा मुक्ति केंद्र, सेक्टर-6 पंचकूला के सहयोग से एक विशेष ड्रग्स अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान मजदूरों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाले सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा नशे से बाहर निकलने के उपलब्ध सरकारी उपचार और पुनर्वास सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अभियान के दौरान 20 नशा पीड़ित व्यक्तियों का निःशुल्क उपचार शुरू करवाया गया, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

इसी कड़ी में पंचकूला के रायपुर रानी क्षेत्र के मौली गांव में पंचकूला पुलिस के नशा मुक्ति अभियान से जुड़ी एएसआई शिवानी अपनी टीम के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों या उनके परिजनों को अब डरने या झिझकने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे। पंचकूला पुलिस ऐसे व्यक्तियों का पूरी तरह निःशुल्क इलाज और पुनर्वास सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना या सहायता के लिए पंचकूला पुलिस की ड्रग इन्फो हेल्पलाइन 7087081100 एवं 7087081048 तथा मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क करें। पुलिस द्वारा प्राप्त प्रत्येक सूचना को पूर्ण गोपनीयता के साथ लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला पुलिस केवल नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशे के शिकार लोगों को नई जिंदगी देने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। ऑपरेशन मैदान 2.0 के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को इस जन अभियान से जोड़कर पंचकूला को नशामुक्त जिला बनाना है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और अपने परिवार, समाज तथा आने वाली पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।