CM भगवंत मान का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी; मोहाली फोर्टिस अस्पताल में मुलाकात की, यहीं 4 दिनों से इलाज चल रहा

Haryana CM Nayab Saini met Punjab CM Bhagwant Mann In Fortis Hospital

Haryana CM Nayab Saini met Punjab CM Bhagwant Mann In Fortis Hospital

CM Saini met Bhagwant Mann: तबीयत खराब के चलते मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती पंजाब सीएम भगवंत मान से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार सुबह मुलाकात की। सीएम सैनी ने अस्पताल पहुंचकर मान का हालचाल जाना और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।

इस बीच बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने सीएम मान से पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न हालातों पर भी चर्चा की और भरोसा दिया कि हरियाणा सरकार एवं जनता संकट की इस घड़ी में पंजाब के साथ मज़बूती से खड़ी है। इससे पहले सीएम सैनी ने सीएम मान को लेटर लिख पंजाब को हर संभव मदद देने की बात कही थी।

सीएम सैनी के अस्पताल पहुंचने का वीडियो

 

5 सितंबर को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए थे CM

4 दिनों पहले अचानक ही भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद सीएम आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था। लेकिन कोई सुधार न होने और पल्स रेट काफी नीचे गिरने के बाद शुक्रवार 5 सितंबर रात 8 बजे के करीब उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल (Bhagwant Mann Fortis Hospital) में भर्ती कराया गया। फोर्टिस अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल सीएम मान की हालत स्थिर है और पल्स रेट भी बेहतर है। उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। जल्द ही उन्हें छुट्टी मिल सकती है।

हरियाणा ने 5 करोड़ की आर्थिक मदद दी

हरियाणा सरकार ने बाढ़ पीड़ित राज्य पंजाब को 5 करोड़ रूपए की मदद दी है। सीएम सैनी का कहना है कि, ''पंजाब में आई भीषण बारिश व बाढ़ से उत्पन्न हालात बेहद दुखद हैं। हरियाणा द्वारा दी जा रही यह मदद राहत और बचाव कार्यों में सहायक होगी और प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुँचाने में मदद करेगी। सरकार का यह प्रयास है कि ज़रूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहयोग किया जाए। हम सभी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि हरियाणा उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।''

बाढ़ आपदा में अब तक 46 लोगों की मौत

पंजाब में आफत की बारिश और बाढ़ ने ऐसा कोहराम मचा दिया है कि लोग बस अब त्राहिमाम-त्राहिमाम बोल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बारिश और बाढ़ के कहर से अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। 1 अगस्त से 6 सितम्बर तक का यह आकंडा है। मौतों के मामले में अमृतसर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां सबसे ज्यादा 7 मौतें दर्ज की गईं हैं। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में 3.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। जबकि 22 हजार से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित बचाया गया है।

पानी में डूबे 23 जिलों के 2000 गांव

बता दें कि लगभग पूरा पंजाब ही भयावह बाढ़ का सामना कर रहा है। सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियों के उफान पर आने से पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर समेत सभी 23 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं और इन जिलों के करीब 2000 गांव पूरी तरह से जलमग्न हो रखे हैं। यानि पानी में डूबे हुए हैं। हालात इस कदर खराब हैं कि लोगों के घरों में पानी भर चुका है। कई परिवार और लोग जहां के तहां फंस गए हैं। उन्हें राशन-पानी और रहने के लिए जूझना पड़ रहा है। इस बीच पंजाब की भगवंत मान सरकार लागतर बाढ़ पीड़ित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रही है।

CM मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अपनी सैलरी दी

सीएम भगवंत मान ने फ्लड रिलीफ़ फंड में अपनी एक महीने की सैलरी देने का भी फैसला किया है। सीएम के साथ-साथ आप के सभी मंत्री और विधायक भी अपनी एक महीने की सैलरी बाढ़ पीड़ितों के लिए देंगे। सीएम मान ने खुद इसकी जानकारी दी है। इससे पहले सीएम मान ने अपना सरकारी हेलीकाप्टर बाढ़ पीड़ितो के लिए छोड़ दिया था। जिससे बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित निकाला जा रहा है और उन तक राशन-पानी की व्यवस्था पहुंचाई जा रही है। सीएम मान ने कहा था कि, जब तक जहां भी जरूरत होगी, हेलीकाप्टर जनसेवा में रहेगा।

बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान

पंजाब में सीएम भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है। सीएम भगवंत मान ने पीड़ित लोगों को बाढ़ से हुए उनके नुकसान के लिए सरकार द्वारा भरपाई करने की बात कही है। सीएम मान का कहना है कि, जैसे ही बाढ़ का पानी घटेगा, वादे के मुताबिक लोगों के हर नुकसान की भरपाई ज़रूर करेंगे। लोगों के नुकसान के आकलन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पंजाब जल्द ही मुसीबत की स्थिति से उभर जाएगा। हमें हौंसला बनाए रखना होगा।

सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी

पंजाब सरकार ने सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी कर लोगों से स्वेच्छा अनुसार सहयोग करने की अपील की है। ताकि सभी बाढ़ पीड़ितों की ठीक ढंग से मदद की जा सके। सीएम मान ने अपील करते हुए कहा है, ''पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा सबके साथ खड़ा रहा है। आज हम सभी को इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाब के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। आइए, एक-दूसरे का साथ दें। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चल रहे राहत कार्यों में अपना योगदान दें। समय मुश्किल ज़रूर है, लेकिन एक-दूसरे के सहयोग से यह समय भी बीत जाएगा।''

PM मोदी इस दिन करेंगे पंजाब का दौरा; बाढ़ आपदा में अब तक 46 लोगों की मौत, पानी में डूबे 23 जिलों के 2000 गांव, हाहाकार